लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत करें राजस्व संग्रहण : डीसी सिमडेगा

सिमडेगा। उपायुक्त सिमडेगा कंचन सिंह की अध्यक्षता में राजस्व संग्रहण एवं आंतरिक संसाधनों से संबंधित एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में वित्तीय वर्ष 2025–26 के अंतर्गत जिले में विभागवार राजस्व संग्रहण की प्रगति की गहन समीक्षा की गई। उपायुक्त महोदया ने एक-एक कर सभी संबंधित विभागों से प्राप्त राजस्व की स्थिति की जानकारी ली और सरकार द्वारा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत राजस्व संग्रहण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक के दौरान उत्पाद अधीक्षक कार्यालय, जिला परिवहन कार्यालय, मोटरयान निरीक्षक, नीलाम पत्र, जिला मत्स्य कार्यालय, राज्य कर उपायुक्त गुमला सह सिमडेगा, नगर परिषद, जिला खनन कार्यालय एवं जिला अवर निबंधक कार्यालय की समीक्षा की गई। बताया गया कि उत्पाद अधीक्षक द्वारा खुदरा उत्पाद दुकानों से 73.25 प्रतिशत राजस्व की वसूली की गई है, जबकि जिला परिवहन कार्यालय की वसूली 85.48 प्रतिशत रही। मोटरयान निरीक्षक द्वारा अब तक 29.60 प्रतिशत वसूली की गई है, जिसे बढ़ाने का निर्देश उपायुक्त द्वारा दिया गया।

नीलाम पत्र से संबंधित मामलों में सर्टिफिकेट केस एवं अन्य लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन कर राजस्व संग्रहण बढ़ाने पर जोर दिया गया। जिला मत्स्य कार्यालय द्वारा वार्षिक लक्ष्य 13.70 के विरुद्ध 10.45 की वसूली की गई है, जो 76.27 प्रतिशत है। इसे भी शत-प्रतिशत तक पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। राज्य कर उपायुक्त गुमला सह सिमडेगा, नगर परिषद तथा जिला खनन पदाधिकारी को भी लक्ष्य के अनुरूप वसूली में तेजी लाने का निर्देश दिया गया।

इसके अतिरिक्त उपायुक्त ने सभी अंचल अधिकारियों को आपदा से संबंधित मामलों का शीघ्र निष्पादन, भूमि हस्तांतरण, लैंड बैंक, माननीय उच्च न्यायालय एवं सर्वोच्च न्यायालय के लंबित वादों के निस्तारण, झार सेवा पोर्टल अंतर्गत जाति, आवासीय एवं आय प्रमाण पत्र, पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत संदिग्ध कृषकों के सत्यापन तथा भूमि सीमांकन से जुड़े मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक में अपर समाहर्ता ज्ञानेन्द्र, सिविल सर्जन डॉ. सुन्दर मोहन, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभात रंजन ज्ञानी, जिला खनन पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, जिला मत्स्य पदाधिकारी, नगर परिषद प्रशासक, सभी अंचलाधिकारी, सभी हल्का कर्मचारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button