37 मतदान केन्द्रों पर होगा 23 फरवरी को मतदान, 27 फरवरी को मतगणना

- सिमडेगा नगर परिषद आम निर्वाचन 2026 : चुनाव कार्यक्रम घोषित
- अध्यक्ष पद अनुसूचित जनजाति (अन्य) के लिए आरक्षित, गैर-दलीय आधार पर होगा चुनाव
सिमडेगा। जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) -सह- उपायुक्त सिमडेगा कंचन सिंह द्वारा नगरपालिका (आम) निर्वाचन, 2026 को लेकर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। प्रेस वार्ता के दौरान उपायुक्त ने सचिव, राज्य निर्वाचन आयोग, झारखंड, रांची द्वारा जारी प्रेस नोट संख्या 187 दिनांक 27.01.2026 के आलोक में सिमडेगा नगर परिषद (वर्ग–ख) के आम निर्वाचन से संबंधित अधिसूचना की विस्तृत जानकारी साझा की।
उपायुक्त ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सिमडेगा नगर परिषद क्षेत्र में लोकतांत्रिक प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने हेतु सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। निर्वाचन की संपूर्ण प्रक्रिया आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुरूप कराई जाएगी।
निर्वाचन कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि नगरपालिका (आम) निर्वाचन, 2026 के लिए निर्वाचन कार्यक्रम निम्नवत निर्धारित किया गया है।
निर्वाचन की सूचना का प्रकाशन (प्रपत्र-5) :
दिनांक 28 जनवरी 2026 (बुधवार) को पूर्वाह्न 11:00 बजे
नाम निर्देशन पत्र दाखिल करने की अवधि :
29 जनवरी 2026 से 04 फरवरी 2026 तक
(पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराह्न 3:00 बजे तक)
नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा :
05 फरवरी 2026 (गुरुवार)
अभ्यर्थिता से नाम वापसी :
06 फरवरी 2026 (शुक्रवार)
निर्वाचन प्रतीक का आवंटन :
07 फरवरी 2026 (शनिवार)
मतदान की तिथि (यदि आवश्यक हो) :
23 फरवरी 2026 (सोमवार)
प्रातः 07:00 बजे से अपराह्न 05:00 बजे तक
मतगणना की तिथि :
27 फरवरी 2026 (शुक्रवार)
प्रातः 08:00 बजे से
स्थान – सिमडेगा कॉलेज, सिमडेगा
नाम निर्देशन दाखिल करने के लिए निर्धारित स्थल
नाम निर्देशन पत्र दाखिल करने के लिए विभिन्न पदों एवं वार्डों हेतु अलग-अलग पदाधिकारियों को अधिकृत किया गया है—
अध्यक्ष पद –
परियोजना निदेशक, आईटीडीए का कार्यालय प्रकोष्ठ।
वार्ड पार्षद
वार्ड 01 से 05 – प्रखंड विकास पदाधिकारी, सिमडेगा का कार्यालय प्रकोष्ठ।
वार्ड 06 से 10 – अंचल अधिकारी, सिमडेगा का कार्यालय प्रकोष्ठ।
वार्ड 11 से 15 – भूमि सुधार उपसमाहर्ता सिमडेगा का कार्यालय प्रकोष्ठ।
वार्ड 16 से 20 – जिला पंचायत राज पदाधिकारी, सिमडेगा का कार्यालय प्रकोष्ठ
नगर परिषद का स्वरूप एवं निर्वाचन प्रणाली
उपायुक्त ने बताया कि सिमडेगा नगर परिषद (वर्ग–ख) के लिए—
अध्यक्ष पद तथा सभी 20 वार्डों का निर्वाचन गैर-दलीय आधार पर कराया जाना है।
उपाध्यक्ष पद अनारक्षित है, जिस पर अप्रत्यक्ष निर्वाचन होगा।
आरक्षण की स्थिति
नगरपालिका (आम) निर्वाचन, 2026 के तहत—
अध्यक्ष पद अनुसूचित जनजाति (अन्य) वर्ग के लिए आरक्षित है। सभी 20 वार्डों के लिए कोटिवार आरक्षण (महिला सहित) का निर्धारण कर जिला राजपत्र में प्रकाशित कर दिया गया है।
वार्डवार आरक्षण विवरण
वार्ड संख्या 1, 2, 3 एवं 16 – अनुसूचित जनजाति (महिला)
वार्ड संख्या 5, 9, 11, 14 एवं 18 – अनुसूचित जनजाति (अन्य)
वार्ड संख्या 10 – अनुसूचित जाति (अन्य)
वार्ड संख्या 4, 6, 7, 15 एवं 19 – अनारक्षित (महिला)
वार्ड संख्या 8, 12, 13, 17 एवं 20 – अनारक्षित (अन्य)
मतदाताओं की विवरणी
दिनांक 01.10.2024 को अर्हता तिथि मानते हुए 22.03.2025 को प्रकाशित मतदाता सूची के अनुसार।
कुल वार्ड : 20
कुल मतदाता : 30,972
पुरुष मतदाता : 14,891
महिला मतदाता : 16,081
अन्य : 0
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी मतदाता पहचान पत्र (EPIC)
अथवा आयोग द्वारा मान्य 12 वैकल्पिक फोटो पहचान पत्रों का उपयोग किया जा सकता है, जिनमें 1 भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी मतदाता पहचान पत्र(EPIC),2 निर्वाचन तंत्र द्वारा जारी प्रामाणिक फ़ोटो युक्त मतदाता पर्ची 3 पासपोर्ट, 4ड्राइविंग लाइसेंस, 5 फोटोयुक्त सेवा पहचान पत्र 6 आधार कार्ड, 7 पैन कार्ड, 8 बैंक/डाकघर द्वारा जारी फोटोयुक्त पासबुक, 9 राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर(NPR) 10 मनरेगा जॉब कार्ड, 11 फोटोयुक्त स्वास्थ्य बीमा कार्ड, 12 फोटोयुक्त पेंशन दस्तावेज शामिल हैं।
मतदान केन्द्रों की स्थिति
कुल मतदान केन्द्र : 37
कुल मतदान केन्द्र भवन : 29
सामान्य मतदान केन्द्र :
केन्द्र – 26
भवन – 21
संवेदनशील मतदान केन्द्र :
केन्द्र – 11
भवन – 8
मतदान केन्द्रों पर सुविधाएं
प्रत्येक मतदान केन्द्र पर- पेयजल, शौचालय, दिव्यांग मतदाताओं के लिए रैम्प पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था जैसी आधारभूत न्यूनतम सुविधाएं सुनिश्चित की जाएंगी।
विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था
निर्वाचन के दौरान मतदान केन्द्र, मतगणना केन्द्र, मतपेटिकाओं को बज्रगृह तक पहुंचाने के लिए पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती की जाएगी। शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन सुनिश्चित करने हेतु सभी आवश्यक निर्देश निर्गत कर दिए गए हैं।
कमजोर वर्ग के मतदाताओं की सुरक्षा
अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम, 1989 के तहत किसी भी प्रकार की धमकी या भयादोहन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। Vulnerability Mapping हेतु सेक्टर दंडाधिकारी एवं निर्वाची पदाधिकारियों को निर्देश जारी किए गए हैं।
मतदान दल एवं रेंडमाइजेशन
मतदान दलों का गठन एवं रेंडमाइजेशन पूर्णतः कम्प्यूटरीकृत प्रक्रिया से आयोग के प्रेक्षकों की उपस्थिति में किया जाएगा।
मतदान कर्मियों की आवश्यकता
मतदान केन्द्र : 37
प्रति केन्द्र 5 कर्मी (P+4) : 185
रिजर्व (25%) : 47
कुल आवश्यकता : 232 कर्मी
आदर्श आचार संहिता
निर्वाचन की घोषणा के साथ ही नगर परिषद क्षेत्र में (पंचायत क्षेत्र को छोड़कर) आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है। इसके अंतर्गत— धार्मिक स्थलों का चुनाव प्रचार में उपयोग निषिद्ध, बिना अनुमति पोस्टर/बैनर/झंडे लगाना प्रतिबंधित, हाट-बाजार एवं भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर सभा हेतु पूर्व अनुमति अनिवार्य होगी।
केन्द्रीय सरकार की योजनाओ के कार्यान्वयन में कोई पाबंदी नहीं रहेगी। पूर्व से स्वीकृत व संचालित योजनाओ का कार्यान्वयन होता रहेगा। नई विकास योजनाओं से संबंधित निविदा आमंत्रित करने या उसके निस्तारण पर पाबंदी रहेगी।
निर्वाचन व्यय एवं निगरानी
राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा अध्यक्ष पद हेतु अधिकतम व्यय सीमा : 6 लाख रुपये
वार्ड पार्षद हेतु : 1.5 लाख रुपये
निर्धारित की गई है। व्यय निगरानी हेतु FST, SST, VST, VVT, Acounting Team एवं AEO दलों का गठन किया गया है।
वीडियोग्राफी
नाम निर्देशन से लेकर मतगणना तक— सभी महत्वपूर्ण आयोजनों
सभाओं, जुलूसों, प्रचार अभियानों की वीडियोग्राफी कराई जाएगी।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने आम नागरिकों से शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष निर्वाचन में सहयोग की अपील की।
चुनाव के दौरान सुरक्षा को लेकर सिमडेगा पुलिस पुख्ता व्यवस्था करेगी। पुलिस अधीक्षक सिमडेगा श्री श्रीकांत एस खोटरे ने स्पष्ट कहा कि निर्वाचन आयोग के गाइडलाइन के अनुसार सुरक्षा की पुख्ता इंतजाम किया जाएगा। उन्होंने बताए कि चुनाव के मद्देनजर लाइसेंसी हथियारों को सत्यापित कर जमा कराया जा रहा है। उन्होंने बताए कि जिले में कुल 181 लाइसेंसी हथियार है। जिनमें 126 को सत्यापित करवाकर जमा करवाया गया है। इसके अलावा लंबित वारंटों के विरुद्ध गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है। इसके अलावा शराब कारोबार और फरार अपराधियों के विरुद्ध भी छापेमारी कर करवाई की जा रही है। पिछले चुनाव में चुनावी प्रक्रिया प्रभावित करने वालों पर भी एक्शन लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव कराने के लिए सिमडेगा पुलिस कटिबद्ध है।
इस दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी पवन कुमार महतो, डीएसपी रनवीर सिंह, जिला जन-संपर्क पदाधिकारी पलटू महतो, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभात रंजन ज्ञानी, जिला परिवहन पदाधिकारी संजय बखला मीडिया प्रतिनिधि सहित अन्य पदाधिकारी रहे।



