सिमडेगा नगरपालिका आम निर्वाचन–2026 को लेकर उपायुक्त एवं एसपी की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस

सिमडेगा। सिमडेगा नगरपालिका (आम) निर्वाचन–2026 को लेकर उपायुक्त महोदया कंचन सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्रीकांत एस. खोटरे ने संयुक्त रूप से प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुनाव से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी।
उपायुक्त महोदया ने बताया कि सिमडेगा नगर परिषद क्षेत्र के कुल 20 वार्डों में चुनाव कराया जाना है, जिसके लिए 37 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। उन्होंने कहा कि सभी मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पेयजल, बिजली, शौचालय एवं अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएंगी, ताकि मतदान प्रक्रिया सुचारु एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।
वहीं पुलिस अधीक्षक श्रीकांत एस. खोटरे ने जानकारी देते हुए कहा कि नगर निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने हेतु पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था की गई है। नगर परिषद क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी तथा संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। प्रशासन की ओर से आम मतदाताओं से निर्भीक होकर अपने लोकतांत्रिक अधिकार का प्रयोग करने और शांतिपूर्ण चुनाव में सहयोग करने की अपील की गई।



