जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता 2026-27 का समापन

उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बालक-बालिका खिलाड़ियों को शील्ड, मेडल एवं प्रमाण-पत्र देकर किया गया सम्मानित

आरा (भोजपुर)। खेल विभाग, बिहार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना एवं जिला प्रशासन, भोजपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता (बालक/बालिका) 2026-27 का पुरस्कार वितरण सह समापन समारोह आज खेल भवन सह व्यायामशाला, भोजपुर, आरा में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 आयु वर्ग के बालक-बालिका खिलाड़ियों ने विभिन्न खेल स्पर्धाओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया।

समारोह में मुख्य अतिथि जिला पदाधिकारी, भोजपुर श्री मनेश कुमार मीणा एवं पुलिस अधीक्षक, भोजपुर श्री अवधेश दीक्षित ने विभिन्न खेल स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को शील्ड, मेडल एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों को बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

जिला पदाधिकारी श्री मनेश कुमार मीणा ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। खेलों से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास एवं समर्पण के साथ अपनी प्रतिभा निखारने तथा जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

पुलिस अधीक्षक श्री अवधेश दीक्षित ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल के क्षेत्र में सफलता के लिए प्रतिभा के साथ नियमित अभ्यास, अनुशासन एवं दृढ़ संकल्प आवश्यक हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को खेल भावना बनाए रखते हुए आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।

इस अवसर पर विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला खेल पदाधिकारी, सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा कोषांग सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ, शिक्षकगण एवं प्रशिक्षक उपस्थित रहे।

जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता ने जिले के छात्र-छात्राओं को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान किया। समारोह में खिलाड़ियों को आगामी उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button