तीसरी सोमवारी पर बाबा मंदिर कंट्रोल रूम से मेला क्षेत्र की कड़ी निगरानी

देवघर। राजकीय श्रावणी मेला 2026 की तीसरी सोमवारी पर बाबा बैद्यनाथ मंदिर और मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। कांवरियों की सुरक्षा, सुगम जलार्पण और कतार प्रबंधन को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों ने कंट्रोल रूम से पूरे मेला क्षेत्र की लाइव निगरानी की।
इसी क्रम में संथाल परगना के पुलिस महानिरीक्षक मयूर पटेल और उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया ने बाबा मंदिर स्थित मुख्य कंट्रोल रूम का औचक निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने कंट्रोल रूम में लगे आधुनिक सीसीटीवी कैमरों और वीडियो वॉल के माध्यम से मेला क्षेत्र, रूट लाइनिंग तथा मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

अधिकारियों ने क्यू मॉनिटरिंग सिस्टम के जरिए श्रद्धालुओं की कतार की स्थिति और उसकी गति की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि कतार कहीं भी धीमी होने या किसी स्थान पर भीड़ बढ़ने की स्थिति में तत्काल ऑन-ड्यूटी मजिस्ट्रेट और पुलिस बल को सूचना दी जाए, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
उपायुक्त ने IMCR और मंदिर कंट्रोल रूम में तैनात अधिकारियों एवं तकनीकी टीम को मेला क्षेत्र के सभी संवेदनशील बिंदुओं पर लगातार नजर रखने का निर्देश दिया। प्रशासन का उद्देश्य श्रद्धालुओं को बिना किसी परेशानी के सुरक्षित और सुगम जलार्पण की सुविधा उपलब्ध कराना रहा।
तीसरी सोमवारी पर प्रशासन की निगरानी और बेहतर कतार प्रबंधन के बीच कांवरिया श्रद्धालु व्यवस्थित तरीके से बाबा बैद्यनाथ का जलार्पण कर रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा और अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।



