नगरपालिका चुनाव-2026 की घोषणा के उपरांत प्रशासनिक तैयारियां तेज

जमशेदपुर। जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) के निर्देशानुसार उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में सभी कोषांगों के वरीय एवं प्रभारी पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप विकास आयुक्त द्वारा चुनाव प्रक्रिया के सफल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी संचालन हेतु गठित सभी कोषांगों की भूमिका, उत्तरदायित्व एवं आपसी समन्वय पर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने सभी कोषांग प्रभारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप समयबद्ध कार्ययोजना बनाकर कार्य करने का निर्देश दिया।

नगरपालिका चुनाव-2026 के सफल संचालन हेतु कुल 13 कोषांगों का गठन किया गया है, जिनमें निर्वाचन, कार्मिक, मतपत्र, सामग्री, वाहन, विधि-व्यवस्था, हेल्पलाईन एवं जन शिकायत, प्रेक्षक, प्रशिक्षण, मीडिया, निर्वाचन व्यय लेखा, सूचना प्रौद्योगिकी तथा नियंत्रण कक्ष कोषांग शामिल हैं। बैठक के दौरान निर्देश दिया गया कि कार्मिक कोषांग सभी कोषांगों के लिए आवश्यकतानुरूप आकलन कर पदाधिकारी-कर्मियों की प्रतिनियुक्ति करे, प्रशिक्षण कोषांग द्वारा मतदान कर्मियों का प्रशिक्षण समय पर पूर्ण किया जाए, सामग्री एवं वाहन कोषांग द्वारा मतदान दिवस से पूर्व सभी आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। हेल्पलाईन एवं जन शिकायत कोषांग को आम मतदाताओं की समस्याओं के त्वरित निष्पादन हेतु सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए।

साथ ही अन्य सभी कोषांग प्रभारी को भी निर्वाचन आयोग के गाइडलाइन का अक्षरशरू अनुपालन करते हुए कोषांगों का दायित्व निर्वह्न हेतु निर्देशित किया गया। उप विकास आयुक्त ने सभी कोषांग प्रभारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि मानगो नगर निगम, जुगसलाई नगर परिषद एवं चाकुलिया नगर पंचायत में शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष नगरपालिका चुनाव संपन्न हो।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button