कटोरिया में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 1254 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद

बांका। जिले के कटोरिया-जयपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने फिल्मी अंदाज में कार्रवाई करते हुए शराब तस्करी की बड़ी खेप बरामद की है। पुलिस ने तेतरिया के पास तीन स्कॉर्पियो वाहनों से 1254.240 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की। हालांकि, पुलिस की घेराबंदी के बीच तीनों वाहनों के चालक अंधेरे और घने जंगल का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में सफल रहे।
जयपुर थानाध्यक्ष सुशील राज ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि शराब से लदी तीन स्कॉर्पियो मोहनपुर थाना क्षेत्र से जयपुर मोड़ स्थित एक लाइन होटल में खड़ी हैं। सूचना थी कि तीनों वाहन जयपुर थाना क्षेत्र से होते हुए बांका की ओर जाने वाले हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस ने जयपुर-जमदाह मुख्य मार्ग पर ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित अन्य वाहनों को लगाकर नाकाबंदी कर दी। इसी दौरान सफेद रंग की तीन स्कॉर्पियो एक साथ आती दिखाई दीं। पुलिस ने वाहनों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक पुलिस को चकमा देकर तेज रफ्तार में भागने लगे।
पुलिस ने उनका पीछा किया। यादव मार्केट पार करने के बाद तेतरिया के समीप पुलिस की घेराबंदी देखकर चालकों ने वाहनों को मोड़कर भागने का प्रयास किया। पुलिस की मुस्तैदी के कारण तीनों स्कॉर्पियो को पकड़ लिया गया, लेकिन अंधेरे और घने जंगल का लाभ उठाकर तीनों चालक वाहन छोड़कर फरार हो गए।
पुलिस ने तीनों वाहनों की तलाशी ली, जिसमें बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद हुई। बरामद शराब की कुल मात्रा 1254.240 लीटर बताई गई है।
फिलहाल पुलिस ने शराब और तीनों वाहनों को जब्त कर लिया है। फरार चालकों की पहचान और शराब की खेप के स्रोत तथा इसके संभावित गंतव्य का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि शराब तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।



