श्रावणी मेला के 15वें दिन देवघर में उमड़ा आस्था का सैलाब, 2.35 लाख श्रद्धालुओं ने किया जलार्पण

देवघर। राजकीय श्रावणी मेला 2026 के 15वें दिन शुक्रवार को बाबा नगरी देवघर में श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर नजर आया। अहले सुबह 04:12 बजे से बाबा बैद्यनाथ मंदिर में जलार्पण शुरू हुआ। सुबह से ही कांवरियों और श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज कुल 2,35,233 श्रद्धालुओं ने बाबा बैद्यनाथ को जलार्पण किया। वहीं, 15,055 श्रद्धालुओं ने शीघ्र दर्शनम कूपन के माध्यम से बाबा के दर्शन किए।
जलार्पण की व्यवस्था के तहत बाह्य अर्घा के माध्यम से 1,15,385 तथा आंतरिक अर्घा के माध्यम से 1,04,793 श्रद्धालुओं ने बाबा पर जल अर्पित किया। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बावजूद प्रशासन की ओर से व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की गई।
सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद
मेला क्षेत्र में कतार प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर त्वरित प्रतिक्रिया टीम (QRT), पर्याप्त पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती चौबीसों घंटे सक्रिय रही। पूरे रूट लाइन पर प्रशासन की कड़ी नजर बनी रही, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
प्रशासन का विशेष जोर इस बात पर रहा कि देश के विभिन्न हिस्सों से बाबा नगरी पहुंचने वाले हर कांवरिये को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुखद आध्यात्मिक अनुभव मिल सके। भीड़ प्रबंधन से लेकर सुरक्षा और जलार्पण की व्यवस्था तक, संबंधित अधिकारी लगातार स्थिति की निगरानी करते रहे।
श्रावणी मेला के 15वें दिन बाबा नगरी में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब एक बार फिर बाबा बैद्यनाथ के प्रति भक्तों की अटूट आस्था और विश्वास को दर्शाता नजर आया।



