श्रावणी मेला के 10वें दिन बाबा नगरी में उमड़ा आस्था का सैलाब, 2.27 लाख श्रद्धालुओं ने किया जलार्पण

देवघर। राजकीय श्रावणी मेला 2026 के 10वें दिन शनिवार को बाबा नगरी देवघर में श्रद्धालुओं का उत्साह और आस्था चरम पर नजर आई। अहले सुबह से ही बाबा बैद्यनाथ के दर्शन और जलार्पण के लिए कांवरियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिर में सुबह 04:23 बजे से जलार्पण की प्रक्रिया शुरू हुई।
प्रशासन द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, 10वें दिन कुल 2,27,691 श्रद्धालुओं ने बाबा बैद्यनाथ पर जलार्पण किया। इनमें बाह्य अर्घा के माध्यम से 92,365, आंतरिक अर्घा से 1,18,876 तथा शीघ्र दर्शनम के माध्यम से 16,450 श्रद्धालुओं ने बाबा पर जल चढ़ाकर अपनी मनोकामना पूरी की।
श्रावणी मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधा, भीड़ नियंत्रण और कतार प्रबंधन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। त्वरित प्रतिक्रिया टीम (QRT), पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती चौबीसों घंटे सक्रिय रही। प्रशासन की ओर से पूरे रूट लाइन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
बाबा नगरी पहुंच रहे कांवरियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए भीड़ के दबाव, कतार की स्थिति और आवागमन पर लगातार नजर रखी जा रही है। प्रशासन का प्रयास है कि देश के विभिन्न हिस्सों से देवघर पहुंचने वाले प्रत्येक कांवरिये को सुरक्षित, सुगम और सुखद आध्यात्मिक अनुभव मिल सके।
श्रावणी मेले के 10वें दिन बाबा बैद्यनाथ के दरबार में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ ने एक बार फिर देवघर की धार्मिक आस्था और भक्ति की विशालता को प्रदर्शित किया।



