नयानगर में सहयोग शिविर का आयोजन, लाभुकों को ऑन द स्पॉट मिला जन्म प्रमाणपत्र और वंशावली प्रमाण पत्र

संजीव कश्यप
उदाकिशुनगंज/मधेपुरा। उदाकिशुनगंज प्रखंड क्षेत्र के नयानगर पंचायत के सिंगारपुर स्थित पंचायत भवन परिसर में मंगलवार को बिहार सरकार के निर्देश पर ‘सबका सम्मान – जीवन आसान’ अभियान के तहत सहयोग शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान करना और विभिन्न सरकारी विभागों से संबंधित आवेदनों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करना था। कार्यक्रम का संचालन जिला मुख्यालय से प्रतिनियुक्त नोडल पदाधिकारी संजय कुमार एवं मुखिया प्रतिनिधि रूपेश झा के सक्रिय प्रयास से किया गया।
लाभुकों को मौके पर मिला प्रमाण पत्र
सहयोग शिविर के दौरान नोडल पदाधिकारी संजय कुमार और मुखिया प्रतिनिधि रूपेश झा ने लाभुकों को जन्म प्रमाणपत्र और वंशावली प्रमाण पत्र ऑन द स्पॉट उपलब्ध कराया।
शिविर में विभिन्न विभागों के लिए अलग-अलग काउंटर लगाए गए थे, जहां संबंधित विभागों के कर्मी मौजूद रहकर लोगों की समस्याएं सुन रहे थे।

मुखिया प्रतिनिधि रूपेश झा ने बताया कि ग्रामीण अपनी शिकायतें, समस्याएं और सुझाव सीधे संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों के समक्ष रख सकते हैं। जिन मामलों का तत्काल समाधान संभव होगा, उनका निपटारा शिविर स्थल पर ही किया जाएगा। वहीं अन्य मामलों को संबंधित विभागों को भेजकर निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
कई विभागों के आवेदन हुए जमा
सहयोग शिविर में स्वास्थ्य विभाग, सामाजिक सुरक्षा पेंशन सहित कई अन्य विभागों से जुड़े आवेदनों को ग्रामीणों द्वारा जमा कराया गया। अधिकारियों और कर्मियों ने लोगों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी भी दी।
धमौल बाजार में जलजमाव से परेशानी, अस्पताल जाने वाले रास्ते पर मरीजों और राहगीरों की बढ़ी मुश्किलें
पांच काउंटर लगाए गए
इस अवसर पर शिविर में कुल 5 काउंटर लगाए गए थे, जिन पर विभिन्न विभागों के कर्मी मौजूद रहे। हालांकि कुछ काउंटरों के कार्यरत नहीं रहने के कारण कुछ लोगों को तत्काल परेशानी का सामना भी करना पड़ा।
अधिकारी और ग्रामीण रहे मौजूद
शिविर में पंचायत सचिव मुरारी कुमार, राजस्व कर्मचारी सुधीर कुमार, किसान सलाहकार अनिल कुमार पाठक, सरपंच सुशील मंडल, लेखापाल सह शिविर नोडल अधिकारी सुमित कुमार, कार्यपालक सहायक खुशबू कुमारी, आवास सहायक संतोष कुमार झा, स्वच्छता पर्यवेक्षक सुनील कुमार, रोजगार सेवक मनोज कुमार साहू सहित कई अधिकारी, कर्मी और ग्रामीण उपस्थित रहे।
इसके अलावा आंगनबाड़ी सेविका बंदना कुमारी, रुबी कुमारी, ललिता कुमारी, वार्ड सदस्य नरेश दास, अरविंद मंडल, युवा नेता मुकेश झा, संजीव झा, रामचंद्र पासवान, सच्चितानंद शर्मा, प्रियव्रत शर्मा और विनोद शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद थे।



