रजौली बस स्टैंड पर 4 साल से जलजमाव, NH-20 सर्विस लेन की बदहाली से दुकानदारों की रोजी-रोटी पर संकट

रजौली (नवादा)। रजौली मुख्यालय स्थित NH-20 के सर्विस लेन के बगल में स्थित सिरदला बस स्टैंड पिछले चार वर्षों से जलजमाव की समस्या से जूझ रहा है। बारिश होते ही यहां घुटने तक पानी भर जाता है, जिससे आसपास के दर्जनों दुकानदारों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय दुकानदारों का आरोप है कि NHAI द्वारा सर्विस रोड निर्माण में बरती गई लापरवाही और रखरखाव कंपनी की उदासीनता के कारण यह समस्या लगातार बनी हुई है। कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है।

 

जलजमाव बना “स्विमिंग पूल”

चांदसी दवाखाना संचालक अरुण प्रसाद ने बताया कि रोजाना अपने प्रतिष्ठान तक पहुंचने के लिए उन्हें जलजमाव वाले रास्ते से गुजरना पड़ता है। उन्होंने कहा कि लोग अब इस जगह को मजाक में “स्विमिंग पूल” कहने लगे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि NH-20 सर्विस रोड निर्माण के दौरान सड़क को खोदकर गहरा कर दिया गया, लेकिन बाद में सही लेवलिंग और जल निकासी की व्यवस्था नहीं की गई। सिर्फ पेवर ब्लॉक बिछाकर काम पूरा कर दिया गया, जिसके बाद बारिश में पूरा क्षेत्र तालाब में बदल जाता है।

दुकानदारों की कमाई पर पड़ा असर

मिठाई दुकानदार अंजू देवी ने बताया कि बारिश के महीनों में कारोबार पूरी तरह प्रभावित हो जाता है। पानी भरी सड़क पार कर ग्राहक दुकान तक आने से बचते हैं, जिससे बिक्री कम हो गई है और आर्थिक परेशानी बढ़ रही है।

वहीं रेडीमेड कपड़ा व्यवसायी मनीष कुमार ने कहा कि NH निर्माण से पहले क्षेत्र में काफी रौनक रहती थी, लेकिन अब सड़क पर पानी और कीचड़ के कारण लोग रुकना पसंद नहीं करते। उन्होंने कहा कि विकास कार्य लोगों के लिए सुविधा के बजाय परेशानी बन गया है।

टूटी नालियों और गड्ढों से हादसे का खतरा

स्थानीय लोगों ने बताया कि सर्विस रोड के किनारे बनी नालियां कई जगह टूट चुकी हैं और गड्ढों में तब्दील हो गई हैं। पानी भरने के कारण राहगीरों को गिरने का खतरा बना रहता है।

मनीष कुमार ने बताया कि कई लोग अंधेरे और जलजमाव के कारण नालियों में गिरकर घायल हो चुके हैं। वहीं ओवरब्रिज के दोनों ओर सर्विस रोड की स्थिति भी खराब है।

एसडीएम और सांसद से शिकायत के बाद भी समाधान नहीं

घसियाडीह निवासी संतोष कुमार ने बताया कि जलजमाव की समस्या को लेकर उन्होंने एसडीएम रजौली और स्थानीय सांसद को भी आवेदन दिया, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ।

स्थानीय दुकानदारों और ग्रामीणों ने जिला प्रशासन तथा NHAI अधिकारियों से मांग की है कि जल्द से जल्द जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त की जाए और टूटी नालियों की मरम्मत कराई जाए।

 

रजौली के मुरहेना गांव में छठियार के गाने को लेकर विवाद, मारपीट में 8 घायल; दो आरोपी गिरफ्तार

अधिकारियों ने दिया जल्द समाधान का भरोसा

इस मामले में NHAI के पीडी सुभाष मीणा ने बताया कि समस्याओं के समाधान के लिए रखरखाव कंपनी के प्रतिनिधि आर. के. त्रिपाठी को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

आर. के. त्रिपाठी ने बताया कि सर्विस लेन से जुड़े अतिक्रमणकारियों को नोटिस दिया गया है और जल्द ही समस्याओं का समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जलजमाव दूर करने के लिए जिलाधिकारी नवादा के निर्देश पर टीम गठित की गई है। टीम की रिपोर्ट के बाद नाली निर्माण का कार्य शुरू कराया जाएगा।

वहीं अंचलाधिकारी मो. गुफरान मजहरी ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर पथ निर्माण विभाग, PHED और NHAI की संयुक्त टीम ने बाईपास क्षेत्र का निरीक्षण किया है। रिपोर्ट जिला मुख्यालय भेजी जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों को जलजमाव की समस्या से राहत मिलेगी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button