देवघर: मंत्री हफीजूल हसन ने 700 से अधिक छात्राओं को बांटी साइकिलें, शिक्षा और महिला सशक्तिकरण पर दिया जोर

देवघर। छात्राओं की शिक्षा को सुगम बनाने और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मधुपुर स्थित आंची देवी गर्ल्स मिडिल स्कूल में भव्य साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में झारखंड सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण एवं जल संसाधन मंत्री हफीजूल हसन ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत विद्यालय की 700 से अधिक छात्राओं को साइकिलें वितरित कीं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री हफीजूल हसन ने कहा कि राज्य सरकार बेटियों की शिक्षा और उनके आत्मनिर्भर भविष्य के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि दूर-दराज के क्षेत्रों से स्कूल आने-जाने में छात्राओं को होने वाली कठिनाइयों को कम करने के लिए साइकिल वितरण योजना चलाई जा रही है।

उन्होंने कहा कि साइकिल मिलने से छात्राओं का समय बचेगा, स्कूल तक उनकी पहुंच आसान होगी और पढ़ाई बीच में छोड़ने (ड्रॉपआउट) की समस्या में भी कमी आएगी। मंत्री ने कहा कि बेटियां समाज की शक्ति हैं और उन्हें शिक्षित एवं सशक्त बनाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

साइकिल प्राप्त करने के बाद छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। विद्यालय प्रबंधन और अभिभावकों ने सरकार की इस कल्याणकारी योजना की सराहना करते हुए मंत्री हफीजूल हसन का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी मधुपुर, जिला कल्याण पदाधिकारी, संबंधित प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO), अंचलाधिकारी (CO) सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button