नवादा में बाबा साहेब डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त, ग्रामीणों में आक्रोश; थाने में शिकायत दर्ज

📍नवादा | राजीव कुमार

 

नवादा जिले के मेसकौर थाना क्षेत्र के सिमामही गांव में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों और बाबा साहेब के अनुयायियों में आक्रोश व्याप्त है। मामले को लेकर मेसकौर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की गई है।

 

जानकारी के अनुसार, मेसकौर प्रखंड के सीतामढ़ी स्थित बाबा साहेब दास प्रेरणा स्थल परिसर में स्थापित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को 30 जून को कुछ अज्ञात असामाजिक तत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त कर दिया गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।

 

शिकायतकर्ता गणेश रविदास ने मेसकौर थाना को दिए आवेदन में कहा है कि इस घटना से क्षेत्र के लोगों, विशेषकर बाबा साहेब के अनुयायियों की भावनाओं को गहरी ठेस पहुंची है। उन्होंने दोषियों की पहचान कर उनके विरुद्ध सुसंगत कानूनी कार्रवाई तथा एससी/एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

 

शिकायत में यह भी कहा गया है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रतिमा स्थल की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए। शिकायतकर्ता का कहना है कि इस तरह की घटना सामाजिक सौहार्द और कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती है।

 

फिलहाल मेसकौर थाना पुलिस ने आवेदन प्राप्त होने की पुष्टि की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button