पोते की मौत से आहत दादा ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई, थाने में पहुंचकर जताई नाराजगी
वारिसलीगंज/नवादा (अभय कुमार रंजन) : मकनपुर ग्रामीण प्यारे मांझी गुरुवार को सपरिवार वारिसलीगंज थाना पहुंचकर पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। प्यारे मांझी ने बताया की उनका पुत्र भूषण मांझी दूसरे प्रदेश के इंट भट्ठा पर कमाई के लिए गया हुआ है। भूषण का छोटा पुत्र 10 वर्षीय रवि मांझी ठेरा पंचायत की नत्थू बीघा स्थित अपने ननिहाल में रहता था।
किसी ने रवि के दादा को सूचना दिया कि आपका पोता रवि मांझी की मौत बुधवार को सड़क दुर्घटना में हो गई है। ततपश्चात पीड़ित स्वजन ने नत्थू बीघा पहुंचकर पोते के मामा राजेश मांझी से जानकारी लिया, तब बताया गया कि आपका पोता रवि मांझी की मौत किसी अज्ञात वाहन से कुचल जाने से हो गई है।
जल्दबाजी में पोस्टमार्टम में भेजने के चक्कर में आपको सूचना नहीं दे पाया। इतना सुनकर मृतक का दादा अपने पोते के शव को देखने का जिद करने लगा। तब कहा गया कि पोस्टमार्टम करा कर शव को जमींदोज कर दिया गया है। जिससे क्षुब्ध प्यारे मांझी व स्वजन ने गुरुवार को थाना पहुंचकर पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।
कहा गया कि बालक रवि की मां की मौत कुछ वर्ष पहले हो गई थी। तब से रवि ननिहाल में रहता था।जिसकी मौत की सूचना उसके ननिहाल वालो ने हमलोगों को नहीं दिया है। बताया गया कि रवि चार भाइयों में सबसे छोटा था। जो मां की मृत्यु बाद ज्यादातर ननिहाल में रहता था।
वारिसलीगंज थानाध्यक्ष ने कहा कि बालक रवि की सड़क दुर्घटना में मौत की सूचना उसके पैतृक घर मकनपुर के स्वजन को देना चाहिए था। अगर ऐसा नही हुआ तो गलत है। थानाध्यक्ष ने मृत बालक के स्वजन को मृत्यु उपरांत मिलने वाला सरकारी लाभ दिलवाने के आश्वासन दिया।



