पटना नगर आयुक्त ने वार्ड 11 से 14 तक किया निरीक्षण, जलनिकासी और नागरिक सुविधाओं को लेकर दिए सख्त निर्देश

पटना। पटना नगर निगम के नगर आयुक्त ने शनिवार को नूतन राजधानी अंचल अंतर्गत वार्ड संख्या 11, 12, 13 एवं 14 का व्यापक स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान संबंधित वार्डों के माननीय पार्षदों एवं निगम के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ क्षेत्र में चल रही विकास योजनाओं, जलनिकासी व्यवस्था, जलापूर्ति परियोजनाओं, साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट तथा नागरिक सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया गया।

निरीक्षण के क्रम में नगर आयुक्त ने बेऊर क्षेत्र में इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) की गैस पाइपलाइन के एलाइंमेंट में प्रस्तावित नाला निर्माण एवं जलापूर्ति परियोजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही तकनीकी एवं प्रशासनिक चुनौतियों पर विस्तृत चर्चा की गई।

अभियंताओं द्वारा अवगत कराया गया कि बुडको (BUDCO) के माध्यम से बेऊर मोड़ से डीपीएस तक एक महत्वपूर्ण नाला निर्माण परियोजना प्रस्तावित है। यह परियोजना क्षेत्र में जलनिकासी व्यवस्था को सुदृढ़ करने और वर्षा के दौरान होने वाले जलजमाव की समस्या के समाधान के उद्देश्य से तैयार की गई है। हालांकि, प्रस्तावित नाला आईओसीएल की गैस पाइपलाइन के प्रभाव क्षेत्र से होकर गुजरता है, जिसके कारण अब तक आवश्यक अनापत्ति प्रमाण-पत्र (एनओसी) प्राप्त नहीं हो सका है। परिणामस्वरूप परियोजना का कार्य प्रारंभ नहीं हो पाया है और क्षेत्र में जलजमाव की समस्या बने रहने की आशंका है।

इसके अतिरिक्त, पटना नगर निगम की जलापूर्ति पाइपलाइन परियोजना भी आईओसीएल की गैस पाइपलाइन के राइट-ऑफ-वे (Right of Way) के समीप प्रस्तावित है। इस परियोजना के लिए भी एनओसी लंबित रहने के कारण कार्य प्रभावित हो रहा है। अधिकारियों ने बताया कि बुडको एवं नगर निगम के जलापूर्ति बोर्ड द्वारा इस संबंध में आईओसीएल के साथ लगातार पत्राचार एवं समन्वय स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है।

नगर आयुक्त ने अभियंताओं को निर्देश दिया कि वे आईओसीएल के अधिकारियों के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित कर आवश्यक अनुमतियां शीघ्र प्राप्त करें तथा लंबित परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराने की दिशा में कार्रवाई सुनिश्चित करें।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने पंजाबी कॉलोनी, साई नगर, गर्दनीबाग, महादेवपुरी सहित विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर स्थानीय नागरिक सुविधाओं की स्थिति का भी जायजा लिया। उन्होंने जलजमाव की संभावित समस्याओं, सफाई व्यवस्था, कचरा निष्पादन, नालों की सफाई, स्ट्रीट लाइट की कार्यशीलता एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं की समीक्षा की। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करने तथा नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक निर्देश भी दिए गए।

निरीक्षण के दौरान वार्ड संख्या 11 के माननीय पार्षद श्री रवि प्रकाश, वार्ड संख्या 12 की माननीय पार्षद श्रीमती सविता सिन्हा, वार्ड संख्या 13 के माननीय पार्षद श्री गीत कुमार, अपर नगर आयुक्त (सफाई), नूतन राजधानी अंचल के कार्यपालक पदाधिकारी, नूतन राजधानी प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता, जलापूर्ति बोर्ड के कार्यपालक अभियंता सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button