साइबर थाना नवगछिया का बड़ा एक्शन: ठगी के शिकार 4 पीड़ितों को पुलिस ने वापस कराए पैसे, चेहरे पर लौटी मुस्कान

नवगछिया (लवकुश कुमार)। बुधवार साइबर अपराध के खिलाफ लगातार कार्रवाई करते हुए साइबर थाना नवगछिया ने चार अलग-अलग मामलों में त्वरित एवं प्रभावी पहल कर साइबर ठगी के शिकार लोगों को उनकी राशि वापस दिलाने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस की इस कार्रवाई से पीड़ितों को बड़ी राहत मिली है।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, बिहपुर थाना क्षेत्र के महेशपुर निवासी पंकज कुमार यादव को साइबर ठगी के मामले में 40 हजार रुपये की राशि वापस कराई गई। वहीं खरीक थाना क्षेत्र के बिंदु राज को 8 हजार रुपये की वापसी के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई। इसके अलावा नवगछिया के नया टोला निवासी श्रवण कुमार को 5 हजार रुपये तथा परबत्ता थाना क्षेत्र के राघोपुर निवासी सुमित कुमार सुमन को 898 रुपये की राशि वापसी हेतु प्रक्रिया पूरी की गई।
साइबर थाना द्वारा पीड़ितों को राशि लौटाए जाने के बाद लोगों ने पुलिस की तत्परता की सराहना की है। पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी या साइबर अपराध होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें अथवा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।



