डॉ. दिलीप जायसवाल ने सुनी कार्यकर्ताओं की बात, सहयोग कार्यक्रम में दिए त्वरित समाधान के निर्देश

पटना। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय में आयोजित “सहयोग कार्यक्रम” के तहत बिहार सरकार के भूमि सुधार एवं राजस्व मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे कार्यकर्ताओं से आत्मीय मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं के विचार, सुझाव और समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा उनके समाधान को लेकर संबंधित अधिकारियों और पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े जनहित एवं संगठनहित के मुद्दों को मंत्री के समक्ष रखा। डॉ. जायसवाल ने सभी विषयों पर विस्तार से चर्चा करते हुए समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान का भरोसा दिलाया।
उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता संगठन की सबसे बड़ी ताकत हैं और उनकी बातों को सुनना तथा समस्याओं का समाधान करना पार्टी की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि प्राप्त शिकायतों और सुझावों पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि आम लोगों को इसका सीधा लाभ मिल सके।
डॉ. जायसवाल ने कहा कि जनसेवा, सुशासन और विकास भाजपा सरकार की मूल पहचान है। प्रदेशवासियों की अपेक्षाओं पर खरा उतरना और उनकी समस्याओं का समाधान करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सरकार आम जनता के हित में लगातार कार्य कर रही है और विकास की गति को और तेज करने के लिए प्रतिबद्ध है।
सहयोग कार्यक्रम के दौरान संगठनात्मक मजबूती, जनसमस्याओं के समाधान और सरकार की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं ने मंत्री के समक्ष विभिन्न स्थानीय मुद्दे उठाए, जिनके समाधान के लिए आवश्यक पहल का आश्वासन दिया गया।
सिर्फ सुनवाई नहीं, समाधान की गारंटी का संदेश
भाजपा का “सहयोग कार्यक्रम” केवल कार्यकर्ताओं से संवाद का मंच नहीं, बल्कि संगठन और सरकार के बीच मजबूत सेतु के रूप में उभर रहा है। डॉ. दिलीप जायसवाल ने जिस तरह कार्यकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर तत्काल निर्देश दिए, उससे यह संदेश गया कि सरकार और संगठन दोनों स्तरों पर जवाबदेही और संवाद को प्राथमिकता दी जा रही है। राजनीतिक जानकार इसे आगामी चुनावी तैयारी के साथ-साथ कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने की रणनीति के रूप में भी देख रहे हैं।



