सिरदला में डिजिटल वसुधा केंद्र का बीडीओ ने किया उद्घाटन, ग्रामीणों को मिलेगी ऑनलाइन सेवाओं की सुविधा
सिरदला में बीडीओ ने किया डिजिटल वसुधा केंद्र का उद्घाटन

सिरदला (नवादा), संजय सक्सेना। बुधवार को प्रखंड परिसर सिरदला में डिजिटल वसुधा केंद्र का विधिवत उद्घाटन बीडीओ दीपेश कुमार द्वारा किया गया। इस अवसर पर सीओ भोला ने कहा कि इस केंद्र के शुरू होने से क्षेत्र के आम ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी सेवाओं का लाभ आसानी से उपलब्ध हो सकेगा।
केंद्र संचालक बलराम कुमार ने बताया कि उद्घाटन समारोह में सीएससी जिला प्रबंधक, आपूर्ति पदाधिकारी नीलेश कुमार तथा कृषि पदाधिकारी शत्रुधन कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
उन्होंने बताया कि इस डिजिटल वसुधा सेवा केंद्र के माध्यम से दाखिल-खारिज, परिमार्जन, एलपीसी, आरटीपीएस से जुड़े जाति, आवासीय एवं आय प्रमाण पत्र के लिए ऑनलाइन आवेदन, पेंशन से संबंधित केवाईसी, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना सहित सभी सरकारी ऑनलाइन सेवाएं निर्धारित शुल्क पर उपलब्ध कराई जाएंगी। इसका मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को सरल, सुलभ और पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराना है।
उद्घाटन कार्यक्रम में जितेंद्र कुमार, रामस्वरूप प्रसाद, मनु कुमार, प्रमोद कुमार, रौशन कुमार, संदीप कुमार, उदय साव, रवि कुमार चौधरी, बंटी कुमार सिंह, महेंद्र प्रसाद, सोनू कुमार सहित कई लोग उपस्थित रहे।



