जनता की समस्या 30 दिन में सुलझाना ही शिविर का लक्ष्य: उफरैल रामनगर में बोले विधायक विजय खेमका, अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश

पूर्णिया में जनकल्याण शिविर का मुआयना करने पहुंचे विधायक विजय खेमका, अधिकारियों से कहा- सत्कार छोड़ जनता का काम करें

पूर्णिया। शहर के मध्य विद्यालय उफरैल रामनगर में आयोजित नगर निगम वार्ड संख्या 10, 11 एवं 12 के जनकल्याण सहयोग शिविर का निरीक्षण विधायक विजय खेमका ने किया। इस दौरान उन्होंने शिविर की व्यवस्था, विभिन्न विभागों के काउंटरों तथा आम नागरिकों से प्राप्त आवेदनों की समीक्षा की।

शिविर में उपस्थित आवेदकों एवं स्थानीय नागरिकों को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि जनकल्याण सहयोग शिविर की सीधी मॉनिटरिंग मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा की जा रही है तथा इसका मुख्य उद्देश्य आम जनता की समस्याओं का 30 दिनों के भीतर समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े और पंचायत तथा वार्ड स्तर पर ही उन्हें राहत मिले।

निरीक्षण के दौरान विधायक ने नगर आयुक्त श्री मंगलम सहित उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कहा कि अतिथियों के स्वागत-सत्कार से अधिक महत्वपूर्ण जनता की समस्याओं का त्वरित निष्पादन है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविर में प्राप्त आवेदनों पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें।

सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना लक्ष्य

विधायक ने कहा कि सरकार की मंशा स्पष्ट है कि आम लोगों की कठिनाइयों को दूर किया जाए तथा उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ सहज और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने नगर आयुक्त को विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप शिविरों का सुव्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि जनकल्याण सहयोग शिविर प्रशासन और जनता के बीच संवाद का प्रभावी माध्यम बन रहा है, जहां विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराई जा रही हैं।

पूर्णिया को मिल रही विकास परियोजनाओं की सौगात

अपने संबोधन में विधायक विजय खेमका ने कहा कि एनडीए सरकार के कार्यकाल में पूर्णिया के विकास को नई गति मिली है। उन्होंने कहा कि पूर्णिया को सैटेलाइट टाउन, एनएच-31 फोरलेन और ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाओं की सौगात मिली है, जिससे क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी।

उन्होंने बताया कि प्रगति यात्रा के दौरान घोषित योजनाओं के तहत पूर्णिया सिटी में पर्यटन स्थल का विकास, बरसौनी में आधुनिक बस टर्मिनल, रंगभूमि मैदान के समीप स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स तथा केंद्रीय मंडल कारा के निकट मौसम विज्ञान विभाग के डॉप्लर रडार का निर्माण कार्य भी तेजी से चल रहा है।

आदर्श और स्मार्ट सिटी बनाने का आह्वान

विधायक ने कहा कि स्वच्छ, सुंदर और सुविधायुक्त नगर निगम क्षेत्र का निर्माण सामूहिक प्रयास से ही संभव है। उन्होंने नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों से मिलकर पूर्णिया को आदर्श एवं स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने का आह्वान किया। साथ ही जिला प्रशासन एवं नगर निगम के अधिकारियों को जनकल्याण सहयोग शिविर का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें।

17 और 18 जून को पूर्णिया पूर्व प्रखंड में भी शिविर

विधायक ने नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों से अपील करते हुए कहा कि 17 एवं 18 जून को पूर्णिया पूर्व प्रखंड स्तर पर भी जनकल्याण सहयोग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपनी समस्याओं एवं आवश्यक आवेदनों के साथ शिविर में पहुंचकर सरकारी योजनाओं का लाभ लेने का आग्रह किया।

इस अवसर पर नगर निगम की महापौर, उपमहापौर, वार्ड पार्षदगण, विभिन्न जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता, प्रशासनिक अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित थे। जनकल्याण सहयोग शिविर में लोगों ने अपनी समस्याएं दर्ज कराईं तथा संबंधित विभागों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button