डिजिटल नवाचार और राजस्व वृद्धि में उत्कृष्ट योगदान पर धनबाद मंडल के 10 रेलकर्मी हुए सम्मानित

धनबाद: मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, धनबाद में आज 15 जून 2026 को एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक श्री अखिलेश मिश्र द्वारा वाणिज्य विभाग के 10 कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

यह सम्मान उन कर्मचारियों को दिया गया जिन्होंने नवाचार, डिजिटलीकरण, यात्री सुविधा संवर्धन तथा राजस्व वृद्धि के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है।

कार्यक्रम के दौरान श्री पंकज भूषण, सुश्री अमृता भगत एवं सुश्री मुस्कान झा को रेलवे परिसंपत्तियों के प्रभावी निरीक्षण एवं प्रबंधन हेतु “रेल एसेट्स इंस्पेक्शन मैनेजमेंट सिस्टम” वेब एप्लीकेशन के विकास में महत्वपूर्ण सहयोग के लिए सम्मानित किया गया। इस पहल से कार्यप्रणाली अधिक दक्ष, पारदर्शी एवं तकनीक-आधारित बनी है।

इसी क्रम में श्री कृष्ण कुमार कन्हैया को धनबाद मंडल के आरक्षण काउंटरों के उन्नयन, डिजिटलीकरण तथा ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीनों के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए सराहना मिली। उनके प्रयासों से यात्रियों को अधिक सुविधाजनक, आधुनिक एवं सुगम टिकटिंग सेवाएं उपलब्ध हो रही हैं।

इसके अतिरिक्त श्री रूद्र नन्द झा (मुख्य वाणिज्य निरीक्षक), श्री नवीन कुमार, श्री बिपिन बिहारी लाल, श्री अविनाश कुमार, श्री मुकेश कुमार तथा श्री आशुतोष कुमार सिन्हा को टिकट जांच एवं टिकट आय वृद्धि के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु सम्मानित किया गया। इनके प्रयासों से मंडल की राजस्व आय में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक श्री अखिलेश मिश्र ने कहा कि कर्मचारियों की उपलब्धियां केवल उनके व्यक्तिगत परिश्रम का परिणाम नहीं हैं, बल्कि उनके परिवारजनों के निरंतर सहयोग, त्याग और प्रोत्साहन का भी महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने कहा कि परिवार का सहयोग कर्मचारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ करने की प्रेरणा देता है।

धनबाद मंडल प्रशासन ने सभी कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों के योगदान की सराहना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके संयुक्त प्रयास भविष्य में भी रेलवे की कार्यकुशलता, डिजिटल परिवर्तन, राजस्व संवर्धन एवं यात्री सुविधाओं को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहेंगे।

कार्यक्रम में मंडल के अन्य अधिकारीगण, कर्मचारीगण तथा सम्मानित कर्मचारियों के परिवारजन भी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button