नवादा में डीएम रवि प्रकाश की अध्यक्षता में उद्योग वार्ता, उद्यमियों की समस्याओं के समाधान और औद्योगिक विकास पर जोर

नवादा। जिले में औद्योगिक विकास को नई गति देने और उद्यमियों की समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से शनिवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिलाधिकारी रवि प्रकाश की अध्यक्षता में उद्योग वार्ता का आयोजन किया गया। बैठक में निवेश के अनुकूल वातावरण तैयार करने, औद्योगिक इकाइयों के संचालन में आ रही चुनौतियों के समाधान तथा नए उद्योगों की स्थापना को बढ़ावा देने पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक के दौरान उद्यमियों को सरकार की विभिन्न औद्योगिक योजनाओं की जानकारी दी गई। विशेष रूप से बिहार औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन नीति 2025 (BIIPP-2025) के तहत उपलब्ध अनुदान, प्रोत्साहन और सुविधाओं के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही जिले में औद्योगिक क्षेत्र के विकास, आधारभूत संरचना के सुदृढ़ीकरण और निवेश आकर्षित करने की रणनीतियों पर भी चर्चा की गई।
उद्योग वार्ता में उद्यमियों ने विद्युत आपूर्ति, भूमि उपलब्धता, जल निकासी और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। डीएम रवि प्रकाश ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी समस्याओं का त्वरित और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए ताकि उद्योग संचालन में किसी प्रकार की बाधा न आए।
बैठक के दौरान बियाडा औद्योगिक क्षेत्र में जल निकासी की समस्या भी प्रमुख रूप से उठाई गई। इस पर क्षेत्रीय प्रबंधक ने बताया कि योजना की निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, लेकिन मुख्यालय से कार्यादेश जारी नहीं हुआ है। जिलाधिकारी ने बियाडा मुख्यालय से समन्वय स्थापित कर शीघ्र कार्यादेश जारी कराने का निर्देश दिया।
उद्यमियों ने प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP) के तहत ऋण आवेदन अस्वीकृत होने के मामलों को भी उठाया। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और बैंक प्रतिनिधियों को मामलों की समीक्षा कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिले के औद्योगिक विकास के लिए उद्यमियों को बेहतर माहौल उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने औद्योगिक क्षेत्रों में निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा विद्युत अधोसंरचना को और मजबूत बनाने पर जोर दिया।
उन्होंने मुख्यमंत्री उद्यमी योजना, PMEGP तथा राज्य और केंद्र सरकार की अन्य स्वरोजगार एवं औद्योगिक योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि अधिक से अधिक उद्योगों की स्थापना को बढ़ावा दिया जाए। साथ ही स्थानीय उत्पादों के विपणन, ब्रांडिंग और नए बाजार विकसित करने की दिशा में भी प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता बताई।
बैठक में अपर समाहर्ता, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र, कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद नवादा एवं हिसुआ, विद्युत विभाग के अधिकारी, बियाडा प्रतिनिधि, बैंक अधिकारी और बड़ी संख्या में उद्यमी उपस्थित रहे।



