मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर विजय खेमका ने गिनाईं उपलब्धियां, जनसंपर्क अभियान में हुए शामिल

मोदी के 12 साल बेमिसाल, विकास और जनकल्याण की बदली तस्वीर : विजय खेमका

जनसंपर्क अभियान के तहत विधायक ने किया क्षेत्र भ्रमण, कलाकारों को सम्मानित किया, वृक्षारोपण व स्वच्छता अभियान में लिया भाग

पूर्णिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे जनसंपर्क एवं क्षेत्र भ्रमण अभियान के तहत पूर्णिया विधानसभा क्षेत्र में मंगलवार को व्यापक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान विधायक विजय खेमका ने विभिन्न स्थानों पर जनसंपर्क, प्रबुद्धजन संवाद, वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान तथा विकास पथ यात्रा में भाग लेकर लोगों को केंद्र सरकार की उपलब्धियों से अवगत कराया।
अभियान की शुरुआत शहर के माधोपाड़ा स्थित कुटीर उद्योग इकाई ‘तेजो प्लास्ट’ से हुई, जहां विधायक ने कम लागत में आधुनिक उपकरणों के निर्माण कार्य का अवलोकन किया। उन्होंने स्थानीय उद्यमिता और स्वरोजगार को बढ़ावा देने वाले ऐसे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि आत्मनिर्भर भारत का सपना छोटे उद्योगों की मजबूती से ही साकार होगा।
इसके बाद रजनी चौक स्थित आर्ट गैलरी में आयोजित कार्यक्रम में विधायक ने स्थानीय चित्रकारों, कलाकारों एवं फुटपाथी दुकानदारों को सम्मानित किया। उन्होंने वेंडिंग जोन में निर्मित दुकानों की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार छोटे व्यवसायियों और स्वरोजगार से जुड़े लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
क्षेत्र भ्रमण के दौरान विजय खेमका शिव शक्ति नगर स्थित बजरंगबली मंदिर पहुंचे, जहां स्थानीय नागरिकों के साथ संवाद करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल में हुए विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं और देश की उपलब्धियों पर चर्चा की। इस अवसर पर सामूहिक वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य का संदेश भी दिया गया।
विधायक ने मरंगा स्थित सुधा डेयरी का अवलोकन करते हुए कहा कि पूर्णिया क्षेत्र से प्रतिदिन लगभग एक लाख लीटर दूध का उत्पादन एवं विपणन हो रहा है, जिससे हजारों किसान और पशुपालक परिवारों को प्रत्यक्ष लाभ मिल रहा है। उन्होंने डेयरी में तैयार होने वाले विभिन्न दुग्ध उत्पादों की जानकारी भी प्राप्त की और इसे ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूती का महत्वपूर्ण आधार बताया।
लाइन बाजार के निशीगंज महादलित टोला में स्वच्छता अभियान चलाकर विधायक ने लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया तथा प्लास्टिक के उपयोग को कम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं बल्कि जनभागीदारी का आंदोलन है।
रामकृष्ण मिशन, गुरुद्वारा रोड एवं काली मंदिर परिसर के आसपास आयोजित प्रबुद्धजन संवाद कार्यक्रम में विधायक ने शिक्षाविदों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों से क्षेत्रीय विकास, बुनियादी सुविधाओं और जनसमस्याओं पर चर्चा की। लोगों ने अपने सुझाव एवं अपेक्षाएं भी उनके समक्ष रखीं।
रामबाग आनंद विहार कॉलोनी में कार्यकर्ताओं के साथ जनसंपर्क करते हुए विजय खेमका ने कहा कि पूर्णिया लगातार विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग एवं आधारभूत संरचना के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं और आने वाले समय में यह क्षेत्र विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा।
विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 12 वर्षों का कार्यकाल भारत के इतिहास में परिवर्तनकारी दौर के रूप में याद किया जाएगा। उनके नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन, आत्मनिर्भरता, डिजिटल क्रांति और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं। आज भारत विश्व मंच पर मजबूती के साथ अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहा है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सफल 12 वर्ष पूर्ण होने पर बधाई देते हुए उनके स्वस्थ, दीर्घ एवं यशस्वी जीवन की कामना की।
कार्यक्रम में भाजपा नगर मध्य मंडल अध्यक्ष मनोज सिंह सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button