पुलिस अधीक्षक ने बंशी थाना में जनता दरबार लगाकर सुनीं शिकायतें

अरवल। पुलिस महानिदेशक बिहार, पटना के निर्देशानुसार पुलिस अधीक्षक अरवल ने बंशी थाना का भ्रमण एवं निरीक्षण किया। इस दौरान थाना परिसर में आयोजित जनता दरबार में आम लोगों की शिकायतों और जनसरोकार से जुड़े मामलों की सुनवाई की गई।

जनता दरबार में पहुंचे शिकायतकर्ताओं ने अपनी विभिन्न समस्याओं और शिकायतों से पुलिस अधीक्षक को अवगत कराया। पुलिस अधीक्षक ने सभी मामलों का गंभीरता, संवेदनशीलता एवं निष्पक्षता के साथ अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

उन्होंने प्राप्त शिकायतों के पारदर्शी, निष्पक्ष एवं विधिसम्मत निष्पादन के लिए थानाध्यक्ष एवं अन्य पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। साथ ही मामलों के समयबद्ध निस्तारण एवं शिकायतकर्ताओं को न्याय दिलाने पर विशेष जोर दिया।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान पुलिस की प्राथमिकता है तथा जनता और पुलिस के बीच विश्वास एवं समन्वय को मजबूत बनाना आवश्यक है।

जनता दरबार के बाद पुलिस अधीक्षक ने बंशी थाना का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान थाना अभिलेख, लंबित कांड, वारंट एवं कुर्की निष्पादन, गिरफ्तारी की प्रगति, अनुसंधान की स्थिति, मालखाना संधारण, सुरक्षा व्यवस्था एवं साफ-सफाई की समीक्षा की गई।

इसके अलावा अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था संधारण, रात्रि गश्ती, वाहन जांच अभियान, मद्यनिषेध कानून के प्रभावी क्रियान्वयन तथा अपराधियों के विरुद्ध की जा रही कार्रवाई का भी जायजा लिया गया।

निरीक्षण के दौरान पुलिसिंग को अधिक प्रभावी, जवाबदेह और जनोन्मुखी बनाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए। पुलिस कर्मियों को आमजन के साथ शालीन एवं संवेदनशील व्यवहार बनाए रखने तथा शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण, मद्यनिषेध कानून के सख्त अनुपालन और जनशिकायतों के त्वरित निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button