नवादा में बकाया पैसे को लेकर खूनी संघर्ष, तीन लोग गंभीर रूप से घायल
बकाया पैसे मांगने पर विवाद, दो पक्षों में जमकर मारपीट, तीन लोग गंभीर रूप से जख्मी

नवादा : जिले के हिसुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत काहरिया और बेलदरिया गांव के ग्रामीण बुधवार को तीन साल पुराने बकाए पैसे की मांगने को लेकर हिंसक झड़प हो गया। इस खूनी संघर्ष में एक ही पक्ष के तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें स्थानीय ग्रामीणों की मदद से इलाज के लिए तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, काहरिया गांव के पीड़ित पक्ष ने बेलदरिया गांव के एक व्यक्ति को करीब तीन साल पहले कुछ पैसे उधार दिए थे। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब रकम वापस नहीं मिली, तो पीड़ित पक्ष लगातार अपनी राशि की मांग कर रहा था। बुधवार को इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और उनके बीच तीखी बहस शुरू हो गई।
कहा-सुनी के दौरान दोनों तरफ से आक्रोश इस कदर बढ़ा कि बात पूरी तरह बिगड़ गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडों से लैस होकर एक-दूसरे पर टूट पड़े। इस हिंसक मारपीट में काहरिया गांव के तीन लोग बुरी तरह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई, जिसे सुनकर आसपास के ग्रामीण दौड़े और बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया। ग्रामीणों के सहयोग से तीनों गंभीर रूप से जख्मी लोगों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज जारी है। चिकित्सा सूत्रों के अनुसार, घायलों के शरीर और सिर पर गंभीर चोटें आई हैं, हालांकि फिलहाल उनकी स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दे दी गई है।



