नवादा में तेज रफ्तार ट्रैक्टर का कहर, बाइक सवार दो युवकों की मौके पर मौत

nawada-tractor-accident-two-bike-riders-died-meskaur

मेसकौर (नवादा):  तेज रफ्तार का कहर लगातार जारी है। जिले के सीतामढ़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत मंझवे-गोविंदपुर मार्ग पर बुधवार को हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी और मातम का माहौल कायम हो गया।

जानकारी के अनुसार, एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रैक्टर ने बाइक सवार युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रैक्टर काफी तेज गति में था और चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके कारण यह हादसा हुआ।

Nawada Tractor Accident

स्थानीय लोगों ने बताया कि दोनों युवक बाइक से अपने गांव मुरहेता लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे बेलगाम ट्रैक्टर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 एवं सीतामढ़ी थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नवादा सदर अस्पताल भेज दिया।

मृतकों की पहचान सीतामढ़ी थाना क्षेत्र के मुरहेता गांव निवासी समरेश कुमार एवं रणजीत कुमार के रूप में की गई है। घटना के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में अवैध खनन एवं तेज रफ्तार ट्रैक्टरों का संचालन लगातार जारी है, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से तेज रफ्तार वाहनों पर कार्रवाई एवं नियमित जांच अभियान चलाने की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button