देवघर में स्वच्छता अभियान: बाबा बैद्यनाथ मंदिर परिसर हुआ प्लास्टिक मुक्त

देवघर। आज अहले सुबह बाबा बैद्यनाथ मंदिर प्रशासन की ओर से एक वृहद “विशेष स्वच्छता अभियान” चलाया गया। इस महा-अभियान का मुख्य उद्देश्य बाबा बैद्यनाथ मंदिर एवं देवघर के प्रमुख धार्मिक और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ, सुंदर एवं पूर्णतः प्लास्टिक मुक्त बनाना था।
अभियान के अंतर्गत बाबा बैद्यनाथ मंदिर परिसर एवं उसके आसपास के क्षेत्रों, शिवगंगा, मानसिंही तालाब, नेहरू पार्क, जलसार तथा सात पोखर सहित विभिन्न स्थलों पर व्यापक स्तर पर साफ-सफाई की गई। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों, नगर निगम, विभिन्न विभागों, सामाजिक संगठनों एवं स्वयंसेवकों की संयुक्त भागीदारी देखने को मिली।
प्रशासनिक अधिकारियों ने किया नेतृत्व
उपायुक्त देवघर के निर्देशानुसार आयोजित इस अभियान में उप विकास आयुक्त (DDC) पीयूष सिन्हा, IAS एवं अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) रवि कुमार, IAS ने स्वयं आगे बढ़कर नेतृत्व किया। दोनों अधिकारियों ने श्रमदान कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक एवं प्रेरित किया।
अपर समाहरणालय, देवघर के हीरा कुमार एवं व्यवहार न्यायालय विधि शाखा, देवघर के शैलेश कुमार ने अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं कार्यपालक दंडाधिकारी प्रियदर्शी गुप्ता ने नगर निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ मिलकर सफाई कार्य का संचालन किया।

इस अवसर पर जिला खेल पदाधिकारी संतोष कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी (DPRO) रवि कुमार तथा देवघर अंचलाधिकारी (CO) अनिल कुमार भी उपस्थित रहे और अभियान को सफल बनाने में सक्रिय योगदान दिया।
सामाजिक संस्थाओं ने निभाई सक्रिय भागीदारी
स्वच्छता अभियान में विभिन्न सामाजिक एवं प्रशासनिक संस्थाओं ने कंधे से कंधा मिलाकर सहभागिता निभाई। इनमें मुख्य रूप से रोटरी क्लब ऑफ देवघर, इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी देवघर, संथाल परगना चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज, देवघर स्पोर्ट्स एसोसिएशन, इनर व्हील क्लब ऑफ देवघर एवं लायंस क्लब ऑफ देवघर सहित कई अन्य संस्थाएं एवं स्वयंसेवक शामिल रहे।
रोटरी क्लब ऑफ देवघर की ओर से अध्यक्ष रोटेरियन पीयूष जायसवाल, सचिव रोटेरियन नितेश कुमार बथवाल, पूर्व अध्यक्ष रोटेरियन संजय कुमार भगत एवं रोटेरियन आनंद कुमार साह ने सक्रिय भूमिका निभाई। उनके साथ वंशिका जायसवाल, वेदांश जायसवाल, पल्लवी कुमारी, शुभम कुमार एवं गौरव कुमार ने भी उत्साहपूर्वक श्रमदान किया।
देवघर स्पोर्ट्स एसोसिएशन की ओर से सचिव आशीष झा एवं पूरी DSA टीम ने अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लिया।
इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, देवघर की ओर से चेयरमैन जितेश राजपाल, कोषाध्यक्ष राजकुमार बर्नवाल, सुरेशनंद झा, अर्चना भगत एवं डॉ. एन. सी. गांधी भी उपस्थित रहे और स्वच्छता अभियान में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
इन क्षेत्रों में चला विशेष सफाई अभियान
अभियान के दौरान निम्न क्षेत्रों में विशेष रूप से साफ-सफाई की गई। जलसार एवं सात पोखर, शिवगंगा एवं मानसिंही के आसपास, नेहरू पार्क के आसपास, बाबा बैद्यनाथ मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्र, अधिकारियों के प्रेरणादायी संदेश।
इस अवसर पर DDC पीयूष सिन्हा, IAS ने कहा स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रशासन, सामाजिक संगठनों एवं आम नागरिकों की संयुक्त भागीदारी देवघर को स्वच्छ, सुंदर एवं प्लास्टिक मुक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
वहीं SDO रवि कुमार, IAS ने कहा देवघर की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को स्वच्छता के माध्यम से और मजबूत बनाना हम सभी का दायित्व है। आज जिस समर्पण एवं उत्साह के साथ लोगों ने श्रमदान किया, वह अत्यंत प्रेरणादायी है।
रोटरी क्लब ऑफ देवघर के अध्यक्ष रोटेरियन पीयूष जायसवाल ने कहा रोटरी क्लब ऑफ देवघर सदैव सामाजिक एवं पर्यावरणीय कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाता रहा है। प्रशासन के साथ मिलकर इस स्वच्छता अभियान का हिस्सा बनना हमारे लिए गर्व एवं प्रेरणा का विषय है। स्वच्छ, हरित एवं प्लास्टिक मुक्त देवघर के निर्माण हेतु रोटरी परिवार निरंतर समर्पित भाव से कार्य करता रहेगा।
देवघरवासियों के लिए प्रेरणा बना नेतृत्व
जिस प्रकार DDC पीयूष सिन्हा, IAS एवं SDO रवि कुमार, IAS ने स्वयं मैदान में उतरकर सफाई अभियान में भाग लिया, वह पूरे देवघरवासियों के लिए अत्यंत प्रेरणादायी एवं भावुक क्षण था।
उन्होंने केवल प्रशासनिक अधिकारी के रूप में निर्देश नहीं दिए, बल्कि एक समर्पित सफाईकर्मी की तरह पूरी निष्ठा, सेवा भावना एवं जिम्मेदारी के साथ श्रमदान किया। दोनों अधिकारियों ने यह संदेश दिया कि यह केवल प्रशासन का नहीं, बल्कि हम सभी का शहर है, और इसे स्वच्छ रखना हम सबकी जिम्मेदारी है।
उनकी सादगी, समर्पण एवं जमीनी नेतृत्व ने प्रत्येक नागरिक को प्रेरित किया। यह अभियान देवघरवासियों के लिए एक बड़ा संदेश बनकर उभरा कि जब जिले के वरिष्ठ अधिकारी स्वयं स्वच्छता के लिए आगे आ सकते हैं, तो हर नागरिक को भी अपने शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं प्लास्टिक मुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। देवघर ऐसे समर्पित एवं प्रेरणादायी नेतृत्व के लिए सदैव आभारी रहेगा।



