हुरदा बाजार में हाल ही में खुले अंग्रेजी शराब दुकान को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी

सिमडेगा। बानो प्रखंड के हुरदा बाजार में हाल ही में खुले अंग्रेजी शराब दुकान को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि दुकान में निर्धारित रेट से अधिक कीमत वसूली जा रही है और कई बार ग्राहकों को बिल भी नहीं दिया जाता।
लोगों का कहना है कि जब वे अधिक पैसे लेने का विरोध करते हैं, तो दुकान में मौजूद लोग कथित तौर पर कहते हैं। जहां शिकायत करना है कर लो, कम रेट में नहीं मिलेगा। इससे आम ग्राहकों में असंतोष बढ़ता जा रहा है।
बिल नहीं देने का आरोप
ग्राहकों का यह भी कहना है कि सामान लेने के बाद जब बिल मांगा जाता है, तो उन्हें बिल नहीं दिया जाता, जो नियमों के खिलाफ है।
मंदिर के पास दुकान से बढ़ी चिंता
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह दुकान एक मंदिर से करीब 100 मीटर के अंदर स्थित है, जिससे धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचने और माहौल बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है।
बच्चों की पढ़ाई पर असर
ग्रामीणों का कहना है कि दुकान के पास से बच्चों का आना-जाना होता है, जिससे उनके वातावरण पर असर पड़ रहा है और पढ़ाई में भी बाधा महसूस हो रही है।
लोगों की मांग
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि दुकान को किसी दूर स्थान पर शिफ्ट किया जाए और तय दरों पर ही बिक्री सुनिश्चित की जाए। साथ ही बिल देने की व्यवस्था को अनिवार्य रूप से लागू किया जाए।



