श्रावणी मेला 2026 तैयारी, देवघर में बैठक अहम निर्देश जारी

राजकीय श्रावणी मेला 2026 की तैयारी तेज, देवघर में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक संपन्न

देवघर। राजकीय श्रावणी मेला 2026 की तैयारियों को लेकर 03 मई 2026 को देवघर परिसदन के सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगर विकास एवं आवास विभाग, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग, पर्यटन, कला एवं संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार ने की।

बैठक में देवघर उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह एवं दुमका उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने विभागवार मेला क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था तथा आधुनिक तकनीक के उपयोग को लेकर विस्तृत प्रस्तुति दी।

मंत्री सुदिव्य कुमार ने बताया कि 31 जुलाई 2026 से राजकीय श्रावणी मेला का शुभारंभ होगा। उन्होंने कहा कि मेला क्षेत्र में सभी तैयारियां समय पर पूरी की जाएं, ताकि बाहर से आने वाले श्रद्धालु सुगमता एवं सुरक्षा के साथ बाबा बैद्यनाथ धाम में जलार्पण कर सकें। उन्होंने विशेष दर्शन व्यवस्था (वीआईपी एवं वीवीआईपी दर्शन) को पूरी तरह बंद रखने का निर्देश दिया, ताकि सभी श्रद्धालुओं को समान सुविधा मिल सके।

बैठक में विद्युत आपूर्ति, पथ निर्माण, नगर निगम, जनसंपर्क, पेयजल एवं स्वच्छता, पर्यटन, स्वास्थ्य, भवन निर्माण एवं पुलिस विभाग के कार्यों की समीक्षा की गई। मंत्री ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समय पर कार्य पूरा करने का निर्देश दिया। साथ ही देवघर और बासुकीनाथ फोर लेन सड़क कार्य को मेला से पहले पूरा करने पर जोर दिया गया।

मेला क्षेत्र में सुरक्षा और सुविधा के लिए अस्थायी पुलिस चौकी, यातायात पुलिस चौकी, स्वास्थ्य केंद्र, सूचना एवं सहायता केंद्र, विद्युत केंद्र, पर्यटन केंद्र एवं मातृत्व केंद्र स्थापित किए जाएंगे। श्रद्धालुओं के लिए टेंट सिटी, शौचालय, पेयजल, स्नानगृह, कूड़ेदान, साफ-सफाई एवं कचरा निस्तारण की व्यवस्था चौबीसों घंटे सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा मेला क्षेत्र में प्रकाश व्यवस्था, सजावट, तोरण द्वार एवं वैकल्पिक विद्युत व्यवस्था को मजबूत करने का निर्देश दिया गया। श्रद्धालुओं की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए क्यूआर कोड आधारित फीडबैक प्रणाली विकसित की जाएगी।

गर्मी को देखते हुए शीतल जल छिड़काव (इंद्र वर्षा), कूलिंग सिस्टम की संख्या बढ़ाने तथा स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने के निर्देश भी दिए गए। भीड़ नियंत्रण, अपराध नियंत्रण, यातायात व्यवस्था एवं वाहन पड़ाव स्थल को सुव्यवस्थित करने पर विशेष जोर दिया गया।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान
मंत्री ने कहा कि ट्रैक्टर-ट्रॉली पर दो मंजिला ढांचा बनाकर या अत्यधिक भीड़ लादकर यात्रा करना अत्यंत खतरनाक है। इसके लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। मुख्य प्रवेश द्वारों एवं मार्गों पर पुलिस की विशेष टीम तैनात रहेगी, जो ओवरलोड वाहनों पर निगरानी रखेगी। श्रद्धालुओं से अपील की गई कि वे केवल अधिकृत बस, रेल या यात्री वाहनों का ही उपयोग करें।

आधुनिक तकनीक का होगा उपयोग
श्रावणी मेला 2026 में चेहरे की पहचान प्रणाली, आधार आधारित सहायता केंद्र, एकीकृत मेला नियंत्रण कक्ष, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित सूचना एवं सहायता प्रणाली, यातायात प्रबंधन प्रणाली, स्थान आधारित उपस्थिति व्यवस्था तथा डिजिटल प्रदर्शनी का उपयोग किया जाएगा।

बैठक के अंत में उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह ने मंत्री सुदिव्य कुमार, सारठ विधायक उदय शंकर सिंह एवं अन्य जनप्रतिनिधियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर संथाल परगना प्रमंडल के आयुक्त संजय कुमार, मेयर, जिला परिषद अध्यक्ष, उप मेयर, पुलिस अधीक्षक देवघर एवं दुमका, उप विकास आयुक्त, नगर आयुक्त सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button