Dhanbad BCCL बनाएगी 200 बेड का सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, 350 करोड़ खर्च की योजना

धनबाद। भारत कोकिंग कोल लिमिटेड ने धनबाद में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। कंपनी 200 बेड का अत्याधुनिक सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल बनाने जा रही है, जिस पर करीब 350 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल ने इस परियोजना को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। प्रस्तावित अस्पताल के लिए जमीन और आधारभूत ढांचे को लेकर मई के पहले सप्ताह में कमेटी गठित की जाएगी।
यह अस्पताल सिर्फ कोयला कर्मियों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि धनबाद, गिरिडीह, जामताड़ा, बोकारो सहित आसपास के लाखों लोगों को इसका लाभ मिलेगा। यहां कार्डियोलॉजी, न्यूरोलॉजी, ऑन्कोलॉजी और गैस्ट्रोएंटरोलॉजी जैसी गंभीर बीमारियों का इलाज एक ही छत के नीचे उपलब्ध होगा।
अस्पताल के संचालन को लेकर भी मंथन जारी है, जिसमें पीपीपी मॉडल या ट्रस्ट के माध्यम से संचालन जैसे विकल्पों पर विचार किया जा रहा है। कंपनी की योजना है कि कोल इंडिया की मंजूरी मिलते ही टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी जाए।
करीब 12 एकड़ जमीन पर बनने वाले इस अस्पताल को मुख्य सड़क से जोड़ा जाएगा, ताकि मरीजों को बेहतर कनेक्टिविटी मिल सके। यह परियोजना BCCL की कॉर्पोरेट सामाजिक जिम्मेदारी (CSR) का एक बड़ा उदाहरण मानी जा रही है।



