जिला परिषद संतोषी के माध्यम से बनने वाली दुकानों को लेकर अब बड़ी राहत की

बरवाडीह। बस स्टैंड परिसर में जिला परिषद के माध्यम से बनने वाली दुकानों को लेकर अब बड़ी राहत की खबर सामने आई है। जिला परिषद सदस्य संतोषी शेखर की पहल रंग लाई है.. और बोर्ड बैठक में यह सहमति बन गई है कि दुकान आवंटन मे उन दुकानदारों को प्राथमिकता दी जाएगी, जो पहले से अस्थायी रूप से दुकान चलाकर अपनी जीविका चला रहे हैं।

बोर्ड की मंजूरी के बाद अब दुकान निर्माण की प्रक्रिया भी तेज कर दी गई है। जिला परिषद के सचिव सह उप विकास आयुक्त ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रस्ताव के अनुरूप सभी चिन्हित विस्थापित दुकानदारों के साथ बैठक करने का निर्देश प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) को दिया है।इसी कड़ी में बीडीओ रेखा रेशमा मिंज ने शनिवार को सभी संबंधित दुकानदारों की बैठक बुलाई है। इस बैठक में विस्थापित दुकानदारों को प्राथमिकता देने की प्रक्रिया पर चर्चा की जाएगी। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि लाभ केवल उन्हीं चिन्हित दुकानदारों को मिलेगा, जिन्हें पहले किसी सरकारी दुकान का आवंटन नहीं मिला हो, वे किसी अन्य स्थान पर दुकान संचालित नहीं कर रहे हों और प्रखंड के स्थानीय निवासी हों।

इस संबंध में जिला परिषद सदस्य संतोषी शेखर ने बताया कि बस स्टैंड में दुकानों के निर्माण का मुख्य उद्देश्य उन लोगों को स्थायी रोजगार का अवसर देना है, जो लंबे समय से अस्थायी दुकानों के सहारे अपना जीवनयापन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व में भी इस योजना को मंजूरी मिली थी, लेकिन जिला परिषद के नियमों के कारण कई जरूरतमंद लोग लाभ से वंचित रह जाते थे। इसे देखते हुए बोर्ड बैठक में विशेष प्रस्ताव लाकर विस्थापित एवं वंचित लोगों को प्राथमिकता देने का निर्णय लिया गया, जो निश्चित रूप से जनहित में सार्थक साबित होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button