प्रवासी श्रमिक की मौत के बाद श्रम विभाग की पहल पर मृतक की पत्नी को मिली 50 हजार की सहायता राशि

सिमडेगा। सिमडेगा जिले के कोलेबिरा प्रखंड अंतर्गत बरसलोया पंचायत के बेलोटोली गांव निवासी एक प्रवासी श्रमिक की ओडिशा में काम के दौरान मौत हो जाने के बाद जिला प्रशासन की पहल पर उसके परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान की गई है।
मृतक की पहचान तिलेश्वर सिंह (लगभग 35 वर्ष),पिता भूषण सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार,वे फरवरी 2026 से ओडिशा के ढेंकनाल स्थित एक स्टोन क्रशर में लोडर ऑपरेटर के रूप में कार्यरत थे।काम के दौरान अचानक उनके सीने में तेज दर्द उठा,जिसके बाद उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया,जहां इलाज के क्रम में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद ओडिशा में ही पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई और फिर शव को उनके पैतृक गांव बेलो टोली लाया गया, जहां पूरे गांव की उपस्थिति में अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान समाज के लोगों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
मृतक अपने पीछे पत्नी रूपवती देवी (30 वर्ष) और एक 6 वर्षीय पुत्र को छोड़ गए हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर बताई जा रही है और तिलेश्वर सिंह ही घर के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे।

घटना के बाद रौतिया समाज के प्रखंड अध्यक्ष चैतन्य सिंह समेत ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की।इस संबंध में श्रम विभाग और उपायुक्त महोदया सिमडेगा के नाम श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी कवि रंजन प्रसाद को आवेदन सौंपा गया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए श्रम विभाग ने त्वरित कार्रवाई की।श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी ने इसकी सूचना अंचलाधिकारी सह बीडीओ अनूप कच्छप,श्रम अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह तथा उपायुक्त कंचन सिंह को दी। इसके बाद मुख्यमंत्री झारखंड प्रवासी श्रमिक दुर्घटना कोष के तहत मृतक की पत्नी के बैंक खाते में एकमुश्त 50 हजार रुपये की सहायता राशि ट्रांसफर की गई। सहायता राशि मिलने पर मृतक के परिजनों ने जिला प्रशासन, श्रम विभाग, पत्रकार बंधु और समाज के लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button