महिला आरक्षण बिल को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार का जलाया पुतला

महिला आरक्षण बिल पारित होने के बावजूद लागू नहीं होना महिलाओं के अधिकारों के साथ अन्याय: भूषण बाड़ा

सिमडेगा। महिला आरक्षण बिल को अविलंब लागू करने की मांग को लेकर बुधवार को कांग्रेस पार्टी के जिला अध्यक्ष सह सिमडेगा विधायक भूषण बड़ा एवं महिला जिला अध्यक्ष सह जिप सदस्य जोसिमा खाखा के नेतृत्व में केंद्र सरकार का पुतला दहन किया। इससे पहले कचहरी चौक से महावीर चौक तक विशाल जुलूस निकाला गया। इसके बाद केंद्र सरकार के खिलाफ पुतला दहन कर विरोध जताया गया। जुलूस में बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस कार्यकर्ता, पार्टी पदाधिकारी और समर्थक शामिल हुए। सभी ने एक स्वर में महिला आरक्षण बिल को तुरंत लागू करने की मांग करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मौके पर विधायक भूषण बड़ा ने कहा कि वर्ष 2023 में महिला आरक्षण बिल पारित होने के बावजूद अब तक इसे लागू नहीं किया गया, जो महिलाओं के अधिकारों के साथ सीधा अन्याय है।उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार सिर्फ दिखावा कर रही है। महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की बात कही गई। लेकिन इसे लागू करने में जानबूझकर देरी की जा रही है। कांग्रेस पार्टी महिलाओं के हक की लड़ाई सड़क से सदन तक लड़ती रहेगी। उन्होंने कहा कि जब तक महिलाओं को वास्तविक भागीदारी नहीं मिलेगी, तब तक देश का समग्र विकास संभव नहीं है।

महिलाओं के सम्मान और अधिकार की है लड़ाई लड़ रही है कांग्रेस: जोसिमा खाखा
वहीं महिला जिला अध्यक्ष जोसिमा खाखा ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि यह बिल महिलाओं को गुमराह करने का एक राजनीतिक हथकंडा बन गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा की केंद्र सरकार ने महिलाओं के नाम पर सिर्फ राजनीति की है। अगर सरकार सच में महिलाओं के सशक्तिकरण को लेकर गंभीर होती, तो अब तक इस बिल को लागू कर चुकी होती। कांग्रेस महिला मोर्चा इसे लेकर लगातार आंदोलन करता रहेगा। उन्होंने महिलाओं से अधिक से अधिक संख्या में आगे आकर अपने अधिकार की आवाज बुलंद करने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही महिला आरक्षण बिल लागू नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई महिलाओं के सम्मान और अधिकार की है, जिसे हर हाल में जीतना है।

बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद
प्रदर्शन में प्रवक्ता रणधीर रंजन, सिमडेगा प्रखंड अध्यक्ष सिलबेस्टर बघवार, पाकरटांड प्रखंड अध्यक्ष अजीत लकड़ा, केरसई प्रखंड अध्यक्ष नोवेल मिंज, कुरडेग प्रखंड अध्यक्ष तुलसी खलखो, नगर अध्यक्ष अरशद हुसैन, टी टांगर प्रखंड अध्यक्ष अशफाक आलम, कोलेबिरा प्रखंड अध्यक्ष राकेश कोंगाडी, बानो प्रखंड अध्यक्ष रफीक खान, बोलबा प्रखंड अध्यक्ष ज्वलंत बेग समेत कई विधायक प्रतिनिधि, 20 सूत्री उपाध्यक्ष मनोज जायसवाल और बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button