श्रावणी मेला 2026 की तैयारियों को लेकर उपायुक्त ने की समीक्षा, श्रद्धालुओं की सुविधा पर विशेष जोर

देवघर। उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी शशि प्रकाश सिंह ने 21 अप्रैल 2026 को समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में आगामी राजकीय श्रावणी मेला 2026 की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा किए जाने वाले कार्यों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को कार्ययोजना तैयार कर उपायुक्त कार्यालय में समर्पित करने का निर्देश दिया।

बैठक में उपायुक्त ने कहा कि मेला के दौरान देवतुल्य श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए छोटी से छोटी बातों पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कांवरिया पथ पर महीन बालू बिछाव, विद्युत व्यवस्था, स्वास्थ्य सुविधाएं, साफ-सफाई, आवासन, रूट लाइन में पंडाल निर्माण, पेयजल, शौचालय, स्नानगृह एवं साज-सज्जा जैसे कार्यों को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। साथ ही सभी विभागों को अभी से तैयारियों में जुट जाने को कहा, ताकि किसी प्रकार की कमी न रह जाए।

उपायुक्त ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर देते हुए कहा कि सुरक्षा, स्वच्छता, विश्राम, पेयजल, बिजली, शौचालय, स्नानागार, यातायात और स्वास्थ्य से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त होनी चाहिए। उन्होंने ऊर्जा विभाग के अधिकारियों को विशेष रूप से विद्युत आपूर्ति की नियमित जांच और ऑडिट सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

इसके अलावा शिवगंगा सरोवर की सफाई और जल की नियमित जांच कराने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए। बैठक में जिला परिवहन पदाधिकारी, सहायक नगर आयुक्त, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के कार्यपालक अभियंता, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारी, कर्मी और डीएमएफटी की टीम उपस्थित रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button