**सारंडा जंगल अभियान के दौरान जवान आनंद सिंह की मलेरिया से मौत**

पश्चिमी सिंहभूम। जिले के सारंडा जंगल में चल रहे नक्सल विरोधी अभियान के बीच एक दुखद घटना सामने आई है।
अभियान में शामिल असम निवासी जवान के आनंद सिंह की बुखार से मौत हो गई। वे घने जंगलों में सर्च ऑपरेशन के दौरान बीमार पड़ गए थे।
मिली जानकारी के अनुसार, सारंडा के दुर्गम और मच्छर प्रभावित इलाकों में नक्सलियों के खिलाफ अभियान जारी था। इसी दौरान आनंद सिंह को तेज बुखार और कमजोरी की शिकायत हुई। प्राथमिक जांच में मलेरिया की पुष्टि हुई, जिसके बाद उनकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई।
स्थिति गंभीर होने पर अधिकारियों ने उन्हें तत्काल एयरलिफ्ट कर बेहतर इलाज के लिए रांची भेजा। रांची के अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज शुरू किया गया, लेकिन संक्रमण अधिक फैल जाने के कारण उनके शरीर के कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया।
शनिवार रात इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। इस घटना से सुरक्षा बलों में शोक की लहर है।



