वीरपुर में जनगणना प्रशिक्षण के दूसरे बैच की शुरुआत, 50 कर्मियों को दी जा रही ट्रेनिंग
मकान नंबरिंग से सूचीकरण तक 34 बिंदुओं पर दी जा रही है प्रशिक्षण

वीरपुर/बेगूसराय। प्रखंड मुख्यालय स्थित वीरपुर हाई स्कूल में जनगणना 2026-27 के प्रथम चरण के तहत दूसरे बैच का तीन दिवसीय प्रशिक्षण गुरुवार से शुरू हो गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रगणक एवं सुपरवाइजरों को जनगणना कार्य से जुड़े विभिन्न तकनीकी और व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी जा रही है।प्रशिक्षक राजीव रंजन एवं रोजी ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को मकान नंबरिंग, भवन सूचीकरण सहित कुल 34 महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी दी जा रही है। इसके माध्यम से कर्मियों को जनगणना कार्य को सटीक और व्यवस्थित तरीके से पूरा करने के लिए प्रशिक्षित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि यह प्रशिक्षण तीन दिनों तक चलेगा, जिसमें कुल 50 प्रगणक एवं सुपरवाइजर भाग ले रहे हैं। प्रशिक्षण का समापन 18 अप्रैल को होगा।इधर, प्रखंड विकास पदाधिकारी पंकज कुमार शक्तिधर ने प्रशिक्षण स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रशिक्षण की व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और कहा कि सभी प्रतिभागी प्रशिक्षण को गंभीरता से लें, ताकि जनगणना कार्य में किसी प्रकार की त्रुटि न हो प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनगणना से संबंधित प्रक्रियाओं, फॉर्म भरने की विधि, डाटा संकलन एवं रिपोर्टिंग के तरीकों पर विशेष जोर दिया जा रहा है, ताकि आगामी जनगणना कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके।



