लापरवाही पर डीएम का बड़ा एक्शन, तीन राजस्व कर्मचारी निलंबित

विनोद दूहन सख्त, नरपतगंज सीओ पर भी प्रपत्र ‘क’ में आरोप गठन का निर्देश

अररिया /डॉ.रूद्र किंकर वर्मा l जिले में राजस्व कार्यों में लापरवाही और नियमों के उल्लंघन पर जिलाधिकारी विनोद दूहन ने सख्त रुख अपनाते हुए तीन राजस्व कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबित कर्मियों में फारबिसगंज अंचल के विकास कुमार मंडल, राजेश कुमार शशि तथा नरपतगंज अंचल की रेणु कुमारी शामिल हैं।

जारी आदेश के अनुसार, तीनों पर बिहार भूमि दाखिल-खारिज अधिनियम के प्रावधानों के उल्लंघन का आरोप है। इनके विरुद्ध बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली 2005 के तहत कार्रवाई की गई है।
फारबिसगंज अंचल में समीक्षा के दौरान विकास कुमार मंडल के लॉगिन में परिमार्जन प्लस के सैकड़ों मामले लंबित पाए गए। कुशमाहा हल्का में 104, पिपरा में 187 और जोगबनी में 45 मामले लंबित थे। इसके अलावा कुशमाहा में 167 परिमार्जन प्लस और 200 दाखिल-खारिज के मामले भी पेंडिंग मिले। इस पर डीसीएलआर के माध्यम से सीओ फारबिसगंज ने कार्रवाई की अनुशंसा की थी। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय नरपतगंज अंचल कार्यालय निर्धारित किया गया है।

वहीं राजेश कुमार शशि के कार्यों की जांच में नगर परिषद फारबिसगंज से जुड़े 45 परिमार्जन प्लस, अन्य 129 परिमार्जन प्लस और 268 दाखिल-खारिज मामले लंबित पाए गए। अधिकारियों ने बताया कि वे समय पर जांच और रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं करते थे तथा स्पष्टीकरण का जवाब भी संतोषजनक नहीं था। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय भरगामा अंचल कार्यालय निर्धारित किया गया है।
तीसरे मामले में नरपतगंज अंचल की राजस्व कर्मचारी रेणु कुमारी पर गंभीर अनियमितताओं की पुष्टि हुई है।

शिकायतकर्ता संतोष कुमार यादव के मामले की जांच में एक वीडियो सामने आया, जिसमें सीओ के नाम पर अवैध राशि की मांग की जा रही थी। जांच में यह भी पाया गया कि उन्होंने रिकॉर्ड ऑफ राइट में गलत परिमार्जन कर बिना विधिसम्मत दाखिल-खारिज के जमाबंदी सृजित कर दी थी, जो सरकारी नियमों के विरुद्ध है।

जिलाधिकारी ने तीनों कर्मियों के विरुद्ध अलग-अलग आरोप पत्र प्रपत्र ‘क’ में गठित करने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही नरपतगंज अंचलाधिकारी के खिलाफ भी प्रपत्र ‘क’ में आरोप गठन के आदेश दिए गए हैं, जिससे प्रशासनिक सख्ती का स्पष्ट संदेश गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button