योग अभ्यास से दिया स्वस्थ जीवन का संदेश
एसएसबी के जवानों ने छात्र-छात्राओं संग किया योग, अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को लेकर जागरूकता

बथनाहा : 56वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल के तत्वावधान में शुक्रवार को बाह्य सीमा चौकी “बी” समवाय डूबाटोला के कार्यक्षेत्र अंतर्गत उच्च माध्यमिक विद्यालय डुमरिया में योग अभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम सुबह 07:00 बजे से 07:45 बजे तक निरीक्षक (सामान्य) वांगसम कुंगखो की उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस दौरान विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
आगामी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को योग के प्रति जागरूक करना और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कराया गया, जिसमें उपस्थित सभी लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए योग के महत्व को समझा।
एसएसबी के अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के कार्यक्रमों से न केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होता है, बल्कि समाज में सकारात्मक ऊर्जा का भी संचार होता है।



