रिखिया स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय से सटे सरैया मौजा में भू-माफियाओं का आतंक चरम पर

मोहनपुर। मोहनपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत रिखिया स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय से सटे सरैया मौजा में भू माफियाओं का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है आरोप है कि सरकारी भूमि पर वर्षों पहले लगाए गए कीमती शीशम और सागवान के पेड़ों को बेखौफ होकर काटा गया और फिर उस जमीन को अवैध रूप से बेच दिया गया यह पूरा मामला न केवल सरकारी संपत्ति की खुली लूट को दर्शाता है बल्कि प्रशासनिक लापरवाही पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि यह जमीन सरकार द्वारा हरित क्षेत्र के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से चिन्हित थी यहां लगाए गए शीशम और सागवान के पेड़ आज बड़े होकर लाखों रुपये की कीमत के हो चुके थे लेकिन भू माफियाओं ने रातों रात इन पेड़ों की कटाई कर डाली और जमीन को छोटे छोटे प्लॉट में बांटकर बेच दिया जब ग्रामीणों ने इसका विरोध किया तो उन्हें धमकियां दी गईं जिससे इलाके में दहशत का माहौल है।

ग्रामीणों का आरोप है कि यह सब कुछ प्रशासन की जानकारी में होते हुए भी कार्रवाई नहीं की गई जवाहर नवोदय विद्यालय के इतने पास इस तरह का अवैध कब्जा और पेड़ों की कटाई सुरक्षा और पर्यावरण दोनों के लिहाज से गंभीर खतरा है इससे न सिर्फ सरकारी राजस्व को नुकसान हुआ है बल्कि पर्यावरण संतुलन भी बिगड़ने की आशंका है।
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और वन विभाग से मांग की है कि पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो और अवैध रूप से बेची गई जमीन को तुरंत सरकारी कब्जे में लिया जाए। साथ ही कटे हुए पेड़ों के बदले नए पौधे लगाए जाएं ताकि हरित क्षेत्र को फिर से विकसित किया जा सके।
अब देखने वाली बात यह होगी कि प्रशासन इस गंभीर मामले में कब तक ठोस कदम उठाता है या फिर भू माफियाओं का यह आतंक यूं ही जारी रहेगा।



