देवघर में जिला परिषद की समीक्षात्मक बैठक आयोजित, विभिन्न योजनाओं पर हुई चर्चा

देवघर। विकास भवन स्थित सभा कक्ष में आज माननीय अध्यक्ष, जिला परिषद देवघर श्रीमती किरण कुमारी की अध्यक्षता में एक समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा एवं जिला परिषद की उपाध्यक्ष सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में निर्धारित कार्यसूची के अनुसार विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए प्रस्ताव पारित किए गए। जिला परिषद की स्व-अर्जित आय-व्यय पर वित्तीय वर्षवार समीक्षा की गई। साथ ही 15वें वित्त आयोग मद के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 की प्रस्तावित एवं क्रियान्वित योजनाओं तथा वर्ष 2021-22 से लंबित योजनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया।
इसके अलावा वर्ष 2022-23 में प्रस्तावित योजनाओं, विशेष रूप से केंदुआ (देवीपुर) में मार्केट कॉम्प्लेक्स के प्रथम तल एवं अन्य योजनाओं की प्रशासनिक स्वीकृति को लेकर चर्चा हुई। 15वें वित्त आयोग मद से स्थापित जल मीनारों की गुणवत्ता की समीक्षा करते हुए उन्हें ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति को हस्तांतरित करने पर भी विचार किया गया। बैठक में झारखंड पंचम राज्य वित्त आयोग की अनुशंसाओं पर भी चर्चा की गई। इस दौरान उप विकास आयुक्त ने सभी जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों को निर्देश दिया कि गर्मी के मौसम को देखते हुए पेयजल व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य सुनिश्चित करें।
बैठक में निदेशक डीआरडीए, जिला स्तरीय विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, जिला परिषद सदस्य, प्रखंड प्रमुख तथा माननीय मंत्री के प्रतिनिधि सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।



