ग्लोबल क्राइसिस का बहाना, नीतियों की नाकामी छिपा रही मोदी सरकार : मासूम रेज़ा

गैस किल्लत और महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन, चांदनी चौक पर फूंका पीएम का पुतला

अररिया। रसोई गैस की किल्लत और पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर अररिया में कांग्रेस का विरोध तेज हो गया है। बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर ज़िला कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त अध्यक्ष मासूम रेज़ा के नेतृत्व में चांदनी चौक पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन कर जोरदार प्रदर्शन किया गया।

प्रदर्शन के दौरान मासूम रेज़ा ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि मोदी सरकार “ग्लोबल क्राइसिस” का हवाला देकर अपनी विफल नीतियों और योजना की कमी को छिपाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, वहीं आम लोग गैस के लिए लंबी कतारों में खड़े रहने को मजबूर हैं। बाजार में खुलेआम कालाबाजारी से स्थिति और गंभीर हो गई है।

उन्होंने कहा कि गैस, पेट्रोल और डीज़ल की कीमतों में बढ़ोतरी का सीधा असर आम लोगों के जीवन पर पड़ रहा है। राशन, दूध और सब्जियों समेत रोजमर्रा की वस्तुएं महंगी होती जा रही हैं, जिससे आम जनता का बजट पूरी तरह बिगड़ चुका है।
“छोटे कारोबारियों पर सबसे ज्यादा मार”
जिला ऑब्जर्वर असगर अली पीटर ने कहा कि जब लोग घंटों लाइन में लगकर भी गैस सिलेंडर नहीं पा रहे हैं, तब सरकार इसे “भ्रामक सूचना” बताकर सच्चाई से मुंह मोड़ रही है। उन्होंने कहा कि चाय दुकानदार, ढाबा संचालक और स्ट्रीट वेंडर्स जैसे छोटे कारोबारी इस संकट से सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। कई लोगों को या तो दाम बढ़ाने पड़ रहे हैं या व्यवसाय बंद करने की स्थिति बन रही है।

इस विरोध प्रदर्शन में महिला कांग्रेस की प्रदेश महासचिव अफसाना हसन, जिला प्रवक्ता शशि भूषण झा, कांग्रेस नेता नूर आलम टीपू, मासूम अंजार, चंगेज अंसारी, अफसार आलम, मो. राजा, शादाब हैदर, अब्दुर रहमान, शंभू यादव, डोमी ऋषिदेव, अशोक ऋषिदेव तथा यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता अबू जाफर समेत दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कुल मिलाकर, अररिया में कांग्रेस का यह प्रदर्शन बढ़ती महंगाई और गैस संकट को लेकर जनता की नाराजगी का बड़ा संकेत माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button