तीन साल से लापता मानसिक रूप से कमजोर युवक को सिमडेगा पुलिस ने परिवार से मिलवाया

सिमडेगा। सिमडेगा पुलिस ने एक सराहनीय एवं मानवीय पहल करते हुए लगभग तीन वर्षों से लापता एक मानसिक रूप से कमजोर युवक को उसके परिजनों से सफलतापूर्वक मिलवा दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना टी. टांगर क्षेत्र के ग्राम गुड़गुड़टोली की निवासी सिबरिया केरकेट्टा (पति – स्वर्गीय नयनसुख केरकेट्टा) ने अपने इकलौते भाई भालेन केरकेट्टा (उम्र लगभग 40 वर्ष, पिता – स्वर्गीय एतवा खड़िया) के गुमशुदगी की शिकायत तीन वर्ष पूर्व दर्ज कराई थी। बताया गया था कि भालेन मानसिक रूप से कमजोर थे और रांची स्थित सीआईपी से इलाज कराकर घर लौटने के दौरान रास्ते में भटक गए थे।
काफी खोजबीन के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया था। हाल ही में सिमडेगा पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए आसपास के जिलों के विभिन्न आश्रय गृहों से संपर्क किया। जांच के दौरान पता चला कि भालेन केरकेट्टा पश्चिम बंगाल के पुरुलिया स्थित “अपना घर आश्रम” में रह रहे हैं।
सिमडेगा पुलिस की सक्रियता एवं बेहतर समन्वय के बाद 2 अप्रैल 2026 को भालेन केरकेट्टा को सुरक्षित उनके परिजनों के पास लाकर सौंप दिया गया।
इस मानवीय कार्य के लिए सिमडेगा पुलिस की संवेदनशीलता, तत्परता और समाज के प्रति समर्पण की क्षेत्र में व्यापक सराहना की जा रही है।



