देवघर पुलिस जल्द शुरू करेगी व्हाट्सएप चैटबॉट सेवा, नागरिकों को मिलेंगी कई सुविधाएं

देवघर। जिला में आम जनता की बढ़ती सुरक्षा आवश्यकताओं और आधुनिक तकनीक के प्रभावी उपयोग को ध्यान में रखते हुए देवघर पुलिस द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। इसी क्रम में जल्द ही व्हाट्सएप चैटबॉट सेवा का शुभारंभ किया जाएगा। इस अभिनव डिजिटल व्यवस्था का उद्देश्य पुलिस सेवाओं को अधिक सुलभ, सरल, पारदर्शी और नागरिक-केंद्रित बनाना है।

इस नई सेवा के माध्यम से देवघर के नागरिक अब घर बैठे ही पुलिस से जुड़ी विभिन्न सुविधाओं का लाभ आसानी से उठा सकेंगे। चैटबॉट के जरिए लोगों को कई महत्वपूर्ण सेवाएं उपलब्ध होंगी, जिनमें खोए हुए मोबाइल की सूचना दर्ज कराना, यातायात नियमों, जाम की स्थिति और चालान संबंधी जानकारी प्राप्त करना शामिल है। इसके अलावा पुलिस वेरिफिकेशन, चरित्र प्रमाण पत्र और नौकरी से संबंधित आवेदन की स्थिति भी आसानी से जानी जा सकेगी।

नागरिक इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए अपने सुझाव और फीडबैक भी दर्ज कर सकेंगे। साथ ही अन्य आवश्यक सेवाओं और सूचनाओं तक भी उनकी पहुंच आसान होगी।

देवघर पुलिस का मानना है कि यह पहल न केवल पुलिसिंग व्यवस्था को अधिक प्रभावी और जवाबदेह बनाएगी, बल्कि आम जनता और पुलिस के बीच विश्वास और संवाद को भी मजबूत करेगी। यह कदम स्मार्ट पुलिसिंग की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा।

व्हाट्सएप चैटबॉट सेवा से संबंधित नंबर और इसके उपयोग की विस्तृत जानकारी जल्द ही देवघर पुलिस के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और समाचार पत्रों के माध्यम से साझा की जाएगी।

देवघर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस डिजिटल सुविधा का अधिकतम उपयोग करें और सुरक्षित, सशक्त एवं जागरूक समाज के निर्माण में अपना सहयोग दें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button