राजकीय बैद्यनाथ महोत्सव के सफल आयोजन में सभी का सहयोग व सहभागिता अपेक्षित : उपायुक्त
राजकीय बैद्यनाथ महोत्सव के भव्य आयोजन से जुड़ी तैयारियों को ससमय करें पूर्ण : उपायुक्त

- उपायुक्त ने राजकीय बैद्यनाथ महोत्सव के आयोजन को लेकर संबंधित अधिकारियों व पुलिस पदाधिकारियों को दिये आवश्यक निर्देश
- तीन दिवसीय राजकीय बैद्यनाथ महोत्सव के आयोजन में स्थानीय, राज्यस्तरीय व बॉलीवुड के कलाकार देंगे अपनी प्रस्तुति : उपायुक्त
- सांस्कृतिक कार्यक्रम, भजन, फिल्मी संगीत, खोरठ व झूमर, कत्थक नृत्य, शास्त्रीय नृत्य का होगा आयोजन : उपायुक्त
देवघर। उपायुक्त सह जिला दण्डाधिकारी नमन प्रियेश लकड़ा की अध्यक्षता में बाबा बैद्यनाथ महोत्सव, 2026 के आयोजन को लेकर समीक्षात्मक बैठक का आयोजन समाहरणालय सभागार में किया गया। इस दौरान उपायुक्त द्वारा जानकारी दी गई कि तीन दिवसीय बाबा बैद्यनाथ महोत्सव का आयोजन स्थानीय केकेएन स्टेडियम देवघर में किया जायेगा। इसको लेकर 16, 17 एवं 18 मार्च, 2026 की तिथि निर्धारित की गयी है। ऐसे में संबंधित विभाग के अधिकारी आपसी समन्वय के साथ महोत्सव से जुड़े कार्यों को ससमय पूर्ण करना सुनिश्चित करें, ताकि राजकीय बैद्यनाथ महोत्सव सभी के लिए अविश्वरणीय रहे।
इसके अलावे बैठक के दौरान उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा ने विधि व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक प्लान के अलावा आमजनों की सुविधा, बैठने की व्यवस्था, भव्य पंडाल, अतिथि आवासन, साफ-सफाई, पेयजल एवं शौचालय, विद्युत व्यवस्था, जुड़े बिन्दुओं पर चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों व कार्यपालक अभियंताओं को आवश्यक व उचित दिशा-निर्देश दिया। साथ ही आगे उपायुक्त ने महोत्सव को लेकर व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के साथ स्थानीय स्कूली बच्चों को महोत्सव से जोड़ने का निदेश दिया। साथ ही उपायुक्त ने महोत्सव के दौरान वाहनों के पड़ाव स्थल हेतु क्लब ग्राउंड और सर्राफ स्कूल कैम्पस को चिन्हित कर आवश्यक व्यवस्था व सुरक्षा इंतजाम को दुरुस्त करने का निर्देश दिया। आगे महोत्सव के दौरान भजन, फिल्मी संगीत, खोरठ व झूमर, कत्थक नृत्य, शास्त्रीय नृत्य के साथ बॉलीवुड के मशहुर गायिकों के द्वारा अपनी प्रस्तुति दी जायेगी।
राजकीय बैद्यनाथ महोत्सव का 16 मार्च को होगा भव्य उद्घाटन
बैठक के दौरान उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा द्वारा जानकारी दी कि गई कि राजकीय बैद्यनाथ महोत्सव, 2026 का उद्घाटन 16 मार्च को स्थानीय के.के.एन स्टेडियम में किया जाएगा। इसके अलावा तीन दिवसीय राजकीय बैद्यनाथ महोत्सव को लेकर संबंधित अधिकारियों को निदेशित किया कि अलग-अलग दिन के लिए अलग-अलग थीम पर आधारित आयोजन किया जाय, ताकि महोत्सव में बड़ी संख्या में लोगों को जोड़ा जा सके। साथ हीं कार्यक्रम के तहत फ्लावर शो, थ्री डी शो, फूड कोर्ट के अलावा स्कूल व कॉलेज के बच्चों एवं युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने हेतु विभिन्न प्रतियोगिता के आयोजन को लेकर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया। बैठक के दौरान उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निदेशित किया कि कार्यक्रम की भव्यता को ध्यान में रखते हुए बैद्यनाथ महोत्सव की सारी तैयारियों को ससमय पूर्ण कर लिया जाय।
स्थानीय कला के साथ लोक कलाओं को मिलेगा बढ़ावा
भारत में लोक कला और संस्कृति की एक समृद्ध परंपरा रही है, और राजकीय बैद्यनाथ महोत्सव के माध्यम से उन पारंपरिक लोक नृत्य विधाओं का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। साथ ही महोत्सव का उद्देश्य स्थानीय कलाकारों के अलावा लोक कलाओं को बढ़ावा देना और लोक कलाकारों को एक मंच प्रदान करना है, ताकि वे अपनी कला को और अधिक लोगों तक पहुंचा सकें और लोगों को अपने संस्कृति से रूबरू कराया जा सके।



