नौला मुसहरी में पुलिस की छापेमारी, 25 लीटर अर्धनिर्मित महुआ शराब विनष्ट

बेगूसराय। वीरपुर नौला पुलिस पिकेट की टीम ने गुरुवार की देर नौला मुसहरी अनूसूचित जाति टोला वार्ड नंबर 14 में अवैध शराब के खिलाफ छापेमारी अभियान चलाया। छापेमारी के दौरान करीब 25 लीटर अर्धनिर्मित महुआ शराब को पुलिस ने मौके पर ही विनष्ट कर दिया।

इस संबंध में जानकारी देते हुए नौला पुलिस पिकेट प्रभारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। पुलिस के पहुंचते ही इलाके में हड़कंप मच गया। हालांकि इस दौरान कोई धंधेबाज पुलिस के हाथ नहीं लग सका। पिकेट प्रभारी ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण और कारोबार पर रोक लगाने के लिए पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। छापेमारी अभियान में नौला पुलिस पिकेट के जवान भी शामिल थे।



