झारखण्ड राय यूनिवर्सिटी में पौधारोपण अभियान, छात्रों ने अशोक के पौधे लगाकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

- CBHDP पाठ्यक्रम के प्रायोगिक कार्य के तहत एमबीए विभाग के विद्यार्थियों ने किया पौधारोपण, प्रत्येक पौधे पर लगाया गया क्यूआर कोड
रांची। झारखण्ड राय यूनिवर्सिटी, रांची में विश्वविद्यालय प्रशासन एवं एमबीए विभाग के संयुक्त तत्वावधान में ट्री प्लांटेशन ड्राइव (पौधारोपण अभियान) का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम चरित्र निर्माण एवं चरित्र का संपूर्ण विकास (CBHDP) पाठ्यक्रम के प्रायोगिक कार्य के अंतर्गत आयोजित किया गया।
इस अवसर पर CBHDP-I एवं CBHDP-II (प्रथम वर्ष) के छात्र-छात्राओं ने विश्वविद्यालय परिसर के निर्धारित स्थलों पर अशोक के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। विद्यार्थियों ने लगभग दो फीट ऊँचाई वाले अशोक के पौधे लगाए तथा प्रत्येक पौधे के साथ क्यूआर कोड भी लगाया गया, जिससे पौधों की निगरानी एवं देखभाल सुनिश्चित की जा सके।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को पौधारोपण की सही विधि, पौधों की देखभाल तथा पर्यावरण संरक्षण के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। पौधारोपण से पहले मिट्टी, गोबर खाद और पानी का उचित मिश्रण तैयार कर पौधों को वैज्ञानिक तरीके से लगाया गया।
कार्यक्रम में विभागीय शिक्षिका रश्मि मैम की उपस्थिति में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर प्रशांत महतो, आरव गुप्ता, प्रिंस कुमार, नैतिक कुमार, यश राज, देवा मंडल, रिया कुमारी, सर्वजीत, सिद्धान्त, सचिन, अंकित कुमार, साहिल राज, गंधेश्वरी कुमारी एवं अंकिता नायक सहित कई छात्र-छात्राओं ने सक्रिय भूमिका निभाई।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा कि इस प्रकार के अभियानों से विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ती है तथा समाज में हरियाली और स्वच्छ वातावरण का संदेश भी जाता है।



