टाटानगर रेलवे अस्पताल में वृद्ध महिला की संदिग्ध मौत, परिजनों का हंगामा

जमशेदपुर। परसुडीह थाना क्षेत्र के हलूदबनी निवासी राजेश प्रसाद की 70 वर्षीय मां की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद टाटानगर रेलवे अस्पताल में परिजनों ने जमकर हंगामा किया। परिजनों ने अस्पताल के डॉक्टरों और प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। परिजनों के अनुसार 3 तारीख को सांस लेने में तकलीफ होने पर वृद्ध महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनका आरोप है कि इलाज के दौरान डॉक्टरों ने सही तरीके से देखभाल नहीं की, जिससे उनकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई। परिजनों का कहना है कि महिला की मौत के बाद भी अस्पताल प्रशासन ने उन्हें इसकी कोई आधिकारिक सूचना नहीं दी। उन्हें अन्य मरीजों और उनके परिजनों से जानकारी मिली कि उनकी मां का निधन हो चुका है।

सूचना मिलने के बाद जब परिजन अस्पताल पहुंचे तो वहां प्रबंधन और स्टाफ से उनकी कहासुनी हो गई। परिजनों का आरोप है कि इस दौरान उनके साथ मारपीट भी की गई। घटना की सूचना पर परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। मृतका अपने पीछे चार बच्चों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button