टाटा स्टील परिसर से चोरी के 35 किलो कॉपर केबल के साथ युवक पकड़ाया

जमशेदपुर। टाटा स्टील की सुरक्षा टीम ने कंपनी परिसर में चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक आरोपी को भारी मात्रा में कॉपर केबल के साथ पकड़ लिया। नियमित पेट्रोलिंग के दौरान सुरक्षा कर्मियों ने संदेह के आधार पर जुगसलाई के गौरीशंकर रोड स्थित गरीब नवाज कॉलोनी निवासी मोहम्मद बाबू (लगभग 30 वर्ष) को रोका। तलाशी लेने पर उसके पास से करीब 35 किलोग्राम इंसुलेटेड कॉपर केबल बरामद हुआ।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि यह केबल अवैध रूप से उसके कब्जे में था और कंपनी से चोरी किए जाने की आशंका है। इसके बाद सुरक्षा कर्मियों ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई के लिए बिष्टुपुर थाना पुलिस को सौंप दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी पहले भी तीन बार चोरी के मामलों में पकड़ा जा चुका है और उसे आदतन अपराधी माना जाता है। कंपनी प्रबंधन ने दोहराया कि चोरी के मामलों में जीरो टॉलरेंस नीति जारी रहेगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



