काशीडीह में युवक पर चाकू से हमला, पेट में लगी चोट

जमशेदपुर। साकची थाना क्षेत्र के काशीडीह लाइन नंबर-3 निवासी युवक रितेश कुमार पर बुधवार रात कुछ लोगों ने चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया। हमले में उसके पेट में चाकू लग गया और उसके साथ मारपीट भी की गई। घटना के बाद रितेश ने साकची थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने उसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया, जहां उसका उपचार चल रहा है। रितेश ने बताया कि वह शाम को टहलने के लिए निकला था।
काशीडीह काली मंदिर के पास एक घर की छत से किसी ने उस पर पानी फेंक दिया। जब उसने इसका विरोध किया तो वहां मौजूद व्यक्ति झगड़ा करने लगा। कुछ ही देर में तीन लोग आए और उसके साथ मारपीट करने लगे। इसी दौरान एक व्यक्ति ने चाकू निकालकर उस पर हमला कर दिया। रितेश ने बताया कि वह गुरुवार को साकची थाना में आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराएगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।



