दो भाइयों ने बाइक से नापा देश, वन्यजीव संरक्षण के लिए विश्व की पहली ‘बिग कैट्स रैली’ का सफल नेतृत्व कर रचा इतिहास

रजौली(नवादा)। अनुमंडल क्षेत्र अंतर्गत अमावां गांव के दो सगे भाइयों ने वन्यजीव संरक्षण की दिशा में एक अभूतपूर्व मिसाल पेश करते हुए विश्व की पहली ‘बिग कैट्स रैली’ का सफल नेतृत्व कर वैश्विक पटल पर जिले का नाम रोशन किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा स्थापित ‘इंटरनेशनल बिग कैट एलायंस’ के संरक्षण संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के संकल्प के साथ शुरू हुई यह ऐतिहासिक बाइक रैली देश के 10 राज्यों और प्रमुख टाइगर रिजर्व क्षेत्रों से गुजरते हुए करीब 7000 किलोमीटर का सफर तय कर केरल के पेरियार टाइगर रिजर्व में संपन्न हुई।
डीआईएफ इंडिया के संस्थापक निशांत भारद्वाज और कैंपेन एंबेसडर रुद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में दिल्ली से शुरू हुई इस 30 दिवसीय यात्रा ने बाघों सहित अन्य बड़ी बिल्ली प्रजातियों के अस्तित्व को बचाने और पर्यावरण संतुलन को बनाए रखने के प्रति युवाओं और स्थानीय समुदायों को जागरूक किया। इस अभियान में अमावां निवासी रितिक पासवान ने भी सहयोगी के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। ग्रामीण परिवेश से निकलकर राष्ट्रीय स्तर के इस साहसिक और संवदेनशील अभियान को सफलतापूर्वक पूरा करने वाली इस टीम की उपलब्धि ने न केवल रजौली बल्कि पूरे बिहार को गौरवान्वित किया है, जो अब वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में युवाओं के लिए एक नई प्रेरणा बन गई है।



