आपसी प्रेम, सौहार्द और शिक्षा के संकल्प के साथ मना होली मिलन समारोह
गुलाल की रंगत में घुला भाईचारे का संदेश, छात्रावास निर्माण में सहयोग का आह्वान

नवादा। सामाजिक सद्भाव, पारस्परिक प्रेम और शिक्षा के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी के संकल्प के साथ नवादा नगर के मिर्जापुर–नैनोरा रोड स्थित मौर्य नगर में निर्माणाधीन कुशवाहा छात्रावास परिसर में कुशवाहा सेवा समिति द्वारा भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। रंग-अबीर और पारम्परिक फागुनी गीतों से सजा यह समारोह न केवल सांस्कृतिक एकता का प्रतीक बना, बल्कि छात्रावास निर्माण कार्य में समाज के लोगों से सहयोग देने का आह्वान भी किया गया।
समारोह का उद्घाटन समिति की अध्यक्ष श्रीमती ललिता कुमारी एवं अन्य पदाधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। अपने संबोधन में वक्ताओं ने कहा कि होली आपसी मतभेद भुलाकर प्रेम और भाईचारे को मजबूत करने का पर्व है। इसी भावना के साथ समाज के सभी वर्गों को एकजुट होकर छात्रावास निर्माण जैसे शैक्षणिक कार्य में आगे आना चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके।
इस अवसर पर जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे सैकड़ों लोगों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएँ दीं। पारम्परिक होली गीतों—“गोरिया कर के सिंगार अंगना में पिसे ली हरदिया” एवं “होली खेले रघुवीरा अवध में”—पर महिलाओं और युवाओं ने जमकर ठुमके लगाए, जिससे पूरा परिसर फागुनी रंग में रंग गया।गायन मंडली ने होली गीतों से महफ़िल को पूरी तरह सजा दिया।महिलाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी समारोह का विशेष आकर्षण रही।
समारोह में आए अतिथियों का स्वागत अंगवस्त्र एवं गुलाल लगाकर किया गया। आयोजन में क्षेत्र के कई गणमान्य लोगों की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की भव्यता को और बढ़ा दिया।समारोह में पूर्व लोकसभा प्रत्याशी श्रवण कुशवाहा, जदयू नेता डॉ सतीश कुशवाहा, पूर्व मुखिया राजेंद्र प्रसाद कुशवाहा,
अर्जुन प्रसाद कुशवाहा, पूर्व अध्यक्ष महेश्वर प्रसाद, रामचंद्र कुमार सोनी, यमुना प्रसाद, डॉ. मनोज कुमार अरूंजय मेहता, सुरभि कुमारी, अंजुलता कुमारी, अनुराधा सिन्हा, सुरुचि कुमारी, पूनम सिन्हा, डॉ विनीता प्रिया, अन्नू कुशवाहा सहित सैकड़ों की संख्या में समाज के लोग उपस्थित थे।
कार्यक्रम के अंत में समिति की ओर से छात्रावास निर्माण कार्य में तन, मन और धन से सहयोग करने की अपील की गई। वक्ताओं ने कहा कि यह छात्रावास समाज के गरीब एवं प्रतिभावान बच्चों के उज्ज्वल भविष्य का आधार बनेगा।
होली मिलन समारोह ने जहां एक ओर सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपरा को जीवंत किया, वहीं शिक्षा और समाज सेवा के लिए सामूहिक भागीदारी का मजबूत संदेश भी दिया।



